लखनऊ, 27 अगस्त 2026। UPT20 लीग का चौथा सीजन अपने नाम के मुताबिक अब तक क्रिकेट प्रेमियों के बीच रोमांच और उत्साह का “4 का वार” करता नजर आया है। पहली बार दो शहरों में आयोजित हो रही लीग के 34 मुकाबलों में से लखनऊ के इकाना स्टेडियम में 22 मुकाबलों का चरण पूरा हो चुका है। अब लीग का कारवां कानपुर के ग्रीन पार्क की ओर बढ़ रहा है, जहां 28 अगस्त से मुकाबलों का अगला चरण शुरू होगा और यहीं 6 सितंबर को फाइनल के साथ सीजन का भव्य समापन होगा।
चार का वार—चार बड़ी खासियतें
पहला वार—रोमांच।
लखनऊ चरण में शुरुआत से ही मुकाबलों में रोमांच देखने को मिला। मेरठ मावेरिक्स की एक विकेट की जीत से लेकर पांच रन और सात रन के करीबी अंतर वाले मुकाबलों तक, कई मैचों में नतीजे आखिरी दौर में सामने आए। बारिश और डीएलएस ने भी कुछ मुकाबलों के रोमांच को और बढ़ाया।
दूसरा वार—बल्लेबाजी का दम।
Season 4 में बल्लेबाजों ने कई शानदार पारियां खेलकर दर्शकों का मनोरंजन किया। बड़े स्कोर के साथ-साथ लक्ष्य का पीछा करते हुए भी टीमों ने जुझारूपन दिखाया। आदर्श सिंह का शतक और मोहम्मद सैफ की तूफानी पारी जैसी पारियां लखनऊ चरण की यादगार तस्वीरों में शामिल रहीं।
तीसरा वार—गेंदबाजों का पलटवार।
जहां बल्लेबाजों ने बल्ले से रंग जमाया, वहीं भुवनेश्वर कुमार, अभिनंदन सिंह और कई युवा गेंदबाजों ने गेंद से मैच का रुख बदला। इससे यह साफ हुआ कि यूपी टी-20 सिर्फ बड़े नामों की लीग नहीं, बल्कि प्रदेश की उभरती प्रतिभाओं को मंच देने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।
चौथा वार—नई प्रतिभाओं और दर्शकों का जुड़ाव।
इकाना में हुए मुकाबलों ने लखनऊ के क्रिकेट प्रेमियों को लगातार मैदान से जोड़े रखा। युवा खिलाड़ियों को बड़े मंच पर खुद को साबित करने का मौका मिला और लीग का दायरा भी इस बार दो शहरों तक पहुंचा है। यही विस्तार सीजन-4 को पिछले संस्करणों से अलग पहचान देता है।
लखनऊ ने बनाया माहौल, अब कानपुर की बारी
लखनऊ चरण ने सीजन-4 को मजबूत शुरुआत दी है, लेकिन “4 का वार” अभी खत्म नहीं हुआ है। अब कानपुर के ग्रीन पार्क में लीग का अगला और बेहद महत्वपूर्ण चरण होगा। यहां बचे हुए मुकाबलों के साथ प्लेऑफ और फाइनल भी खेले जाएंगे।
कानपुर में मुकाबले और महत्वपूर्ण होंगे, क्योंकि टीमों की नजरें अब प्लेऑफ की दौड़ पर होंगी। हर जीत अंक तालिका को प्रभावित करेगी और हर हार आगे की राह को मुश्किल कर सकती है।
लखनऊ में 4 का वार हुआ,
अब कानपुर में 4 का असर दिखना बाकी है।
इकाना ने रोमांच की नींव रख दी है, अब ग्रीन पार्क इस कहानी को उसके सबसे बड़े मुकाम तक पहुंचाएगा। पहली बार दो शहरों में खेली जा रही UPT20 Season 4 की यही खूबसूरती है—लखनऊ से शुरू हुआ क्रिकेट का उत्सव अब कानपुर में नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेगा।
UPT20 Season 4—“4 का वार” अभी बाकी है, क्योंकि कानपुर में असली वार होना बाकी है।




