यूपी की अमोलिका-समृद्धि और श्रुति महिला युगल के दूसरे दौर में पहुंचीं, साई प्रतीक-रूबन ने आठवीं वरीय इंग्लैंड की जोड़ी को हराया
लखनऊ। सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार शुरुआत की। महिला युगल में उत्तर प्रदेश की अमोलिका सिंह सिसोदिया-समृद्धि सिंह और श्रुति मिश्रा ने जीत दर्ज कर दूसरे दौर में जगह बनाई, जबकि पुरुष युगल में गैर वरीय भारतीय जोड़ी साई प्रतीक के और रूबन कुमार रथीनसबपति ने आठवीं वरीय इंग्लैंड की जोड़ी को हराकर बड़ा उलटफेर किया।

गोमतीनगर स्थित योनेक्स-सनराइज बाबू बनारसी दास बैडमिंटन अकादमी में आयोजित 2.50 लाख अमेरिकी डॉलर की इनामी प्रतियोगिता में मंगलवार को क्वालीफायर के बाद महिला और पुरुष युगल के पहले दौर के मुकाबले खेले गए। तीसरी वरीय भारतीय जोड़ी हरिहरन आमसाकरुणन और एमआर अर्जुन सहित कई भारतीय जोड़ियों ने जीत के साथ अगले दौर में प्रवेश किया।
महिला युगल में अमोलिका सिंह सिसोदिया और समृद्धि सिंह ने हमवतन नयना एस ओएसिस-वर्षिनी विश्वनाथन को 21-13, 21-11 से हराया। यूपी की जोड़ी ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और सटीक स्मैश, बेहतर प्लेसमेंट व कोर्ट कवरेज के दम पर सीधे गेमों में मुकाबला अपने नाम किया।

वहीं, उत्तर प्रदेश की श्रुति मिश्रा और मणिपुर की प्रिया कोंजेंगबाम ने साक्षी गहलावत-दिव्या आर बालासुब्रह्मण्यम को 21-10, 21-7 से शिकस्त दी। श्रुति-प्रिया ने तेज रिटर्न और बेहतर तालमेल के साथ प्रतिद्वंद्वी जोड़ी को दबाव में रखा। दोनों खिलाड़ी बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप 2024 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम की सदस्य रही हैं।
महिला युगल में श्रेया बालाजी-प्रणवी नटराजन और मान्या रल्हान-रेशिका उथयोसूरियन की जोड़ियों ने भी अगले दौर में जगह बनाई।

पुरुष युगल में तीसरी वरीय भारतीय जोड़ी हरिहरन आमसाकरुणन और एमआर अर्जुन ने अभिनाश मोहंती-आयुष पटनायक को 21-13, 21-23, 21-9 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
दिन का सबसे बड़ा उलटफेर साई प्रतीक के और रूबन कुमार रथीनसबपति की जोड़ी ने किया। भारतीय खिलाड़ियों ने आठवीं वरीय इंग्लैंड के एलेक्स ग्रीन-जैक रस को 17-21, 22-20, 21-19 से पराजित किया। पहला गेम गंवाने के बाद भारतीय जोड़ी ने शानदार वापसी करते हुए दूसरा गेम करीबी अंतर से जीता और निर्णायक गेम में भी संयम व दमदार खेल के दम पर जीत हासिल की।

यूपी की सोनाली को मिली हार
महिला युगल में अदिति भट्ट-श्रवाणी वालेकर ने रितिका ठाकेर और उत्तर प्रदेश की सोनाली सिंह को 21-15, 18-21, 21-11 से हराया। रितिका-सोनाली ने दूसरे गेम में वापसी की, लेकिन निर्णायक गेम में अदिति-श्रवाणी ने बेहतर तालमेल के साथ जीत दर्ज की।
अन्य प्रमुख परिणाम
महिला युगल में छठी वरीय मलेशिया की लो ज़ी यू-नोराकिला मैसराह रामदान ने भारत की जेनिथ अबेगिल-तारिणी सूरी को हराया। तीसरी वरीय यूक्रेन की पोलिना बुह्रोवा-येव्हेनिया कांतमिर ने थाईलैंड की ओरनिचा जोंगसाथापोर्नपार्न-सबरीना सोफिता वेडलर को 21-16, 21-18 से पराजित किया।

क्वालीफायर से मुख्य ड्रॉ में पहुंचे खिलाड़ी
पुरुष एकल में जापान के कू तकाहाशी, भारत के शाश्वत दलाल और प्रणय शेट्टीगर तथा इंडोनेशिया के चिको ऑरा द्वी वारदोयो ने मुख्य ड्रॉ में जगह बनाई। महिला एकल में थाईलैंड की यातावीमिन केटक्लिंग, भारत की तन्वी पात्री और सूर्या चरिश्मा तामिरी तथा इंडोनेशिया की मुतियारा आयु पुस्पितासारी क्वालीफाई हुईं।
पुरुष युगल में मलेशिया के लाउ यी शेंग-ली यी बो और भारत के सूरज गोआला-निकोलस नाथन राज, आर्य ठाकोर-ध्रुव ठाकोर व आशिथ सूर्या-गणेश विट्टलजी ने मुख्य ड्रॉ में प्रवेश किया।

महिला युगल में भारत की रश्मि गणेश-अमृता प्रमुथेश, दीया भीमैया-बारुनी पार्श्वल, नेयसा करियप्पा ए.-प्रवंधिका राघवन और रुचि चहल-लक्षिता जागलान क्वालीफाई हुईं।
मिश्रित युगल में मलेशिया की ली यी बो-हाउ यिन जुआन, इंडोनेशिया की मुहम्मद नवाफ खोइरियांश्याह-इंदाह काह्या सारी जमील तथा भारत की मिथिलेश पी. कृष्णन-वर्णा प्रभुआनंद और दिव्यम अरोड़ा-श्रावणी वालेकर ने मुख्य ड्रॉ में जगह बनाई।
प्रतियोगिता के मुकाबले लखनऊ में जारी हैं, जिसमें देश-विदेश के खिलाड़ी खिताब के लिए चुनौती पेश कर रहे हैं।




