कोपागंज में 306 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ, सामूहिक विवाह समारोह में दिखी सामाजिक समरसता की मिसाल

IMG 20261124 WA0340
Spread the love

चार मुस्लिम जोड़ों का भी हुआ निकाह, नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद

गरीब परिवारों की बेटियों के सपनों को सम्मान दे रही मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना : ए.के. शर्मा

मऊ- किसी के घर बेटी की शादी की चिंता थी, तो किसी के मन में नए जीवन के सपने। इन सपनों को सम्मान और खुशियों के साथ साकार करने का माध्यम बना मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह। बापू इंटर कॉलेज, कोपागंज में आयोजित इस भव्य आयोजन में 306 जोड़े विवाह के पवित्र बंधन में बंधे। समारोह में चार मुस्लिम जोड़ों ने भी निकाह कर सामाजिक सद्भाव और गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत तस्वीर पेश की। कार्यक्रम में पहुंचे प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देकर उनके सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन में खुशहाली लाने के लिए संकल्पबद्ध है। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना महज एक सरकारी आयोजन नहीं, बल्कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के सपनों को सम्मान के साथ पूरा करने की सार्थक पहल है। यह योजना आर्थिक सहयोग के साथ सामाजिक समानता, भाईचारे और बेटियों के सम्मान को भी नई मजबूती दे रही है। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को प्रेम, विश्वास और आपसी सहयोग के साथ जीवन की नई पारी शुरू करने का संदेश दिया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, जिला अध्यक्ष रामाश्रय मौर्य सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *