मधुबन के गांधी मैदान से संजय सिंह की हुंकार, बोले- नफरत नहीं, विकास के मुद्दे पर होगा बदलाव

IMG 20261122 WA0721
Spread the love

स्कूल बंदी, पेपर लीक, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार पर सरकार को घेरा; 1977 जैसे आंदोलन की दी चेतावनी मऊ- शनिवार। राजनीति में जब जनता के बुनियादी सवाल हाशिये पर चले जाते हैं, तब बदलाव की आवाज बुलंद होती है। मधुबन विधानसभा के गांधी मैदान में आयोजित आम आदमी पार्टी की विशाल जनसंवाद सभा में राज्यसभा सांसद एवं पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और लोकतंत्र से जुड़े मुद्दों को केंद्र में रखा। उन्होंने कहा कि देश गांधी, बुद्ध, भगत सिंह और सुभाष चंद्र बोस के विचारों से चलेगा, न कि नफरत और विभाजन की राजनीति से। आप प्रवक्ता सर्वेश मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित सभा में संजय सिंह ने आरोप लगाया कि प्रदेश में 27 हजार पाठशालाएं बंद कर दी गईं, जबकि शराब के ठेकों का विस्तार हुआ। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार देने के बजाय पेपर लीक, बेरोजगारी और लाठियां मिल रही हैं। वहीं, पूंजीपतियों के 17 लाख करोड़ रुपये के कर्ज माफ किए जाने पर भी उन्होंने सरकार से सवाल किया। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर निशाना साधते हुए उन्होंने 13.37 करोड़ वोट काटे जाने का आरोप लगाया। चेतावनी दी कि मताधिकार से खिलवाड़ बंद नहीं हुआ तो 1977 जैसा जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा। राम मंदिर के चढ़ावे और जल जीवन मिशन में कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा भी उन्होंने उठाया। स्थानीय समस्याओं पर उन्होंने गोंड समाज के प्रमाण पत्र, घाघरा नदी की कटान और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की परेशानियों को संसद में उठाने का भरोसा दिया। सांप्रदायिक सौहार्द की पैरवी करते हुए उन्होंने एपीजे अब्दुल कलाम और वीर अब्दुल हमीद का उदाहरण दिया। सभा के आयोजक सर्वेश मिश्रा ने कहा कि मधुबन की जनता परिवर्तन के लिए तैयार है। पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव पहुंचकर बूथ कमेटियां मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को ही राजनीति की असली कसौटी बताया। इस दौरान पूर्वांचल प्रांत अध्यक्ष राजेश यादव, प्रांत सचिव शाह आलम, जिलाध्यक्ष विक्रमजीत सिंह, प्रदीप, हरि नारायण, रवींद्र यादव, विजय श्रीवास्तव सहित हजारों के तादात में जनमानस व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *