आपदा से पहले तैयारी का पाठ, 22 नवंबर को दिखेगी बचाव की पूरी तस्वीर

IMG 20261121 092910
Spread the love

हवाई हमले और ब्लैकआउट का होगा कृत्रिम अभ्यास, घायलों को बचाने से लेकर अस्पताल पहुंचाने तक का होगा प्रदर्शन।

मऊ- कहते हैं कि ‘सावधानी हटी, दुर्घटना घटी’, लेकिन आपदा के समय सावधानी के साथ सही प्रशिक्षण भी जीवन बचाने का सबसे बड़ा हथियार बन जाता है। इसी सोच को धरातल पर उतारने के लिए नागरिक सुरक्षा के तहत हवाई हमले एवं ब्लैकआउट मॉक ड्रिल-2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 22 नवंबर को सोनीधापा ग्राउंड में होने वाला यह अभ्यास लोगों को संकट की घड़ी में घबराने के बजाय समझदारी और सूझबूझ से मुकाबला करने का संदेश देगा। इसी क्रम में नगर मजिस्ट्रेट रमेश बाबू की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित हुई। इसमें अधिकारियों और कर्मचारियों को मॉक ड्रिल की उपयोगिता, आपातकालीन बचाव तथा राहत कार्यों की बारीकियों से अवगत कराया गया। नगर मजिस्ट्रेट ने कहा कि विपत्ति कभी बताकर नहीं आती, इसलिए उससे निपटने की तैयारी पहले से होना जरूरी है। उन्होंने एनसीसी अभ्यर्थियों को विशेष प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए, ताकि जरूरत पड़ने पर प्रशिक्षित स्वयंसेवक राहत एवं बचाव कार्यों में अहम भूमिका निभा सकें। अभ्यास के दौरान कार में फंसे घायल को सुरक्षित निकालने, प्राथमिक उपचार देने और एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने जैसी परिस्थितियों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया जाएगा 22 नवंबर को होने वाली मॉक ड्रिल में हवाई हमले और ब्लैकआउट जैसी काल्पनिक परिस्थितियां बनाकर विभिन्न विभागों की तत्परता, आपसी तालमेल और बचाव क्षमता परखी जाएगी। नगर मजिस्ट्रेट ने सभी विभागों को समय रहते तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में नगर क्षेत्राधिकारी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *