मऊ की पहचान अब माफिया नहीं, विकास और हुनर से होगी : शक्ति सिंह

IMG 20261124 073721
Spread the love

लखनऊ के यूथ डायलॉग में भाजपा नेता ने भरी बदलाव की हुंकार, टेक्सटाइल हब से लेकर युवाओं के रोजगार तक का रखा विजन

लखनऊ – मऊ। कहते हैं कि ‘सूरज को बादलों में ज्यादा देर तक छिपाकर नहीं रखा जा सकता।’ मऊ की बदलती तस्वीर और विकास की नई उम्मीदों को लेकर भाजपा नेता शक्ति सिंह ने राजधानी लखनऊ से कुछ ऐसा ही संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मऊ अब अपराध और माफिया की पुरानी पहचान से बाहर निकलकर विकास, उद्योग, रोजगार और स्वाभिमान की नई इबारत लिखने को तैयार है। रविवार को लखनऊ के 1090 चौराहे पर ‘फ्रेंड्स ऑफ योगी’ की ओर से आयोजित यूथ डायलॉग संगोष्ठी में पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और वरिष्ठ विधि विशेषज्ञों की मौजूदगी में शक्ति सिंह ने मऊ के भविष्य का खाका प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की कानून-व्यवस्था में आए बदलाव ने अपराध, रंगदारी और माफिया तंत्र के वर्चस्व को कड़ी चुनौती दी है। बुलडोजर कार्रवाई का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह केवल अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने की कार्रवाई नहीं, बल्कि वर्षों से कायम भय और दबंगई की मानसिकता पर प्रहार का प्रतीक है। इसी माहौल ने मऊ के व्यापारियों, बुनकरों और युवाओं के सामने आगे बढ़ने की नई संभावनाएं पैदा की हैं। शक्ति सिंह ने कहा कि अब मऊ को उसकी पुरानी छवि से नहीं, बल्कि उसकी औद्योगिक क्षमता और प्रतिभा से पहचाना जाना चाहिए। इसके लिए आधुनिक टेक्सटाइल हब की स्थापना, बुनकरों के उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने, नए उद्योगों में निवेश, युवाओं के लिए रोजगार और स्टार्टअप के अवसर विकसित करने पर जोर दिया। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को मऊ के आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए उन्होंने कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था और मजबूत कनेक्टिविटी के साथ जिले में विकास की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि मऊ की जनता अब बदलाव की नई राह पर आगे बढ़ेगी और आने वाला समय विकास व स्वाभिमान के नाम होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *