हवाई हमले और ब्लैकआउट की काल्पनिक स्थिति में पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्वास्थ्य विभाग ने दिखाया तत्परता का दम।
मऊ – रविवार। कहते हैं कि ‘संकट के समय वही काम आता है, जिसकी तैयारी पहले से की जाती है।’ इसी सोच को धरातल पर उतारते हुए नागरिक सुरक्षा के अंतर्गत हवाई हमले एवं ब्लैकआउट मॉक ड्रिल अभ्यास- 2026 का आयोजन अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार की उपस्थिति में सोनी थापा ग्राउंड में किया गया। अभ्यास ने न केवल आपातकालीन तैयारियों की तस्वीर दिखाई, बल्कि यह भी समझाया कि विपरीत परिस्थितियों में सूझबूझ, सतर्कता और सामूहिक प्रयास कितने महत्वपूर्ण होते हैं। मॉक ड्रिल के दौरान हवाई हमले की काल्पनिक स्थिति निर्मित कर बचाव एवं राहत कार्यों का जीवंत प्रदर्शन किया गया। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने, घबराहट से बचने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने के तरीके बताए गए। काल्पनिक हमले से भवन में आग लगने की स्थिति पर अग्निशमन विभाग ने आग बुझाने और प्रभावित लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास किया। वहीं चिकित्सा टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार देने, गंभीरता के आधार पर उपचार की प्राथमिकता तय करने तथा एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया प्रदर्शित की। पुलिस ने भीड़ नियंत्रण और प्रभावित क्षेत्र की सुरक्षा संभाली, जबकि राजस्व, आपदा एवं नागरिक सुरक्षा टीमों ने समन्वित राहत कार्यों का अभ्यास किया। शिक्षा, परिवहन, विद्युत, नगर विकास, होमगार्ड और सैनिक कल्याण विभाग ने भी अपनी जिम्मेदारियों का प्रदर्शन किया। अभ्यास का संदेश स्पष्ट था कि ‘बूंद-बूंद से घड़ा भरता है’, उसी तरह प्रत्येक विभाग की तत्परता और आपसी तालमेल मिलकर आपदा से मुकाबले की मजबूत ढाल बनते हैं। उद्देश्य जनहानि न्यूनतम करना और नागरिकों को संकट के समय जागरूक एवं सुरक्षित रखना रहा।




