मऊ- पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. कल्पनाथ राय की राजनीतिक विरासत को लेकर मऊ की सियासत में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। 8 अगस्त को सरायसादी में आयोजित उनकी पुण्यतिथि कार्यक्रम से शुरू हुआ विवाद अब 13 अगस्त को भीटी स्थित एक प्लाजा में हुई भाजपा नेत्री एवं कल्पनाथ राय की बहू सीता राय की प्रेस वार्ता तक पहुंच गया। सीता राय ने नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा पर सार्वजनिक मंच से परिवार की निजी बातों को उठाकर अपमानित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सम्मान के सवाल पर वह पीछे हटने वाली नहीं हैं। सरायसादी में आयोजित पुण्यतिथि कार्यक्रम के दौरान कल्पनाथ राय के नाम पर पांच मेगावाट के सौर ऊर्जा प्लांट का शिलान्यास किया गया था। कार्यक्रम में कल्पनाथ राय के योगदान और उनकी राजनीतिक विरासत की चर्चा के बीच सीता राय भावुक हो गईं। उन्होंने परिवार और कल्पनाथ राय से जुड़े कई प्रसंगों का उल्लेख किया। इसी दौरान मंच पर मौजूद सिद्धार्थ राय द्वारा कुछ देर दोनों कानों में उंगलियां डालने की घटना भी चर्चा में रही, हालांकि उन्होंने ऐसा क्यों किया, यह स्पष्ट नहीं हो सका। कार्यक्रम में मंत्री ए.के. शर्मा ने सिद्धार्थ राय की राजनीतिक भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा था कि यदि वह चुनाव लड़ते हैं तो वह उनके लिए कार्यकर्ता की तरह काम करेंगे। इसी बीच सीता राय मंच से उठकर चली गई थीं। बाद में उन्होंने कहा था कि जहां सम्मान नहीं मिलता, वहां रहने का कोई मतलब नहीं है। प्रेस वार्ता में सीता राय ने आरोप लगाया कि परिवार की निजी बातों को सार्वजनिक मंच पर उठाना उचित नहीं है। उन्होंने परिवार को आपस में बांटने और कल्पनाथ राय की राजनीतिक विरासत को कमजोर करने की कोशिश का भी आरोप लगाया। हालांकि, ये सभी आरोप सीता राय के हैं और मंत्री ए.के. शर्मा की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मऊ में मंत्री के लिए इस्तेमाल किए जा रहे ‘विकास पुरुष’ जैसे विशेषणों पर सवाल उठाते हुए सीता राय ने तंज किया, “कल्पनाथ होना और कल्पनाथ कहने में बहुत बड़ा फर्क है।” उन्होंने अपने करीब सत्ताईस वर्ष के राजनीतिक सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि वे कभी टिकट की मांग नहीं की। प्रेस वार्ता के दौरान भावुक हुईं सीता राय ने कहा कि कल्पनाथ राय की विरासत उनके लिए सिर्फ राजनीति नहीं, बल्कि भावनाओं और सम्मान का विषय है। सीता राय ने कल्पनाथ राय की प्रतिमा को लेकर भी आपत्ति जताई, उनका कहना था कि मौजूदा प्रतिमा में कल्पनाथ राय के वास्तविक व्यक्तित्व और उनकी पहचान की पर्याप्त झलक नहीं मिलती। इस दौरान उन्होंने कल्पनाथ राय की विशाल प्रतिमा स्थापित कराने की घोषणा करते हुए कहा कि इसके लिए मऊ की जनता से एक-एक रुपये का सहयोग लिया जाएगा। उनका कहना है कि प्रतिमा के माध्यम से कल्पनाथ राय के संघर्ष और मऊ के विकास में उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जाएगा।
Tag: Mau
तिरंगे के रंग में रंगा खुरहट, अर्पित उपाध्याय के नेतृत्व में निकली भव्य यात्रा, तिरंगा यात्रा में दिखी देशभक्ति की झलक
मऊ के खुरहट में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। भटौली मोड़ से शुरू हुई यात्रा खुरहट बाजार होते हुए रानीपुर मोड़ तक पहुंची और वापस लौटकर संपन्न हुई। ग्रामीणों, बच्चों, भाजपा कार्यकर्ताओं और गणमान्य लोगों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इस दौरान भारत माता की जय और जय हिंद के नारों से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में सराबोर रहा।
श्रमिकों के सपनों को डिजिटल पंख देगा “श्रमिक एप”, अब रोजगार की तलाश होगी आसान, तकनीक के साथ आगे बढ़ेंगे श्रमिक
मऊ में निर्माण श्रमिकों के लिए रोजगार पाना अब और आसान होगा। उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड ने “श्रमिक एप (B.O.C.W.)” लॉन्च किया है, जिसके माध्यम से श्रमिकों को रोजगार के अवसरों के साथ-साथ सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी डिजिटल रूप से उपलब्ध कराया जाएगा। नियोजक भी अपनी आवश्यकता के अनुसार पंजीकृत कुशल श्रमिकों का चयन कर सकेंगे।
डॉ. राकेश सिंह को प्रत्याशी बनाए जाने पर शिक्षकों में हर्ष, मऊ में हुआ भव्य स्वागत प्रेसवार्ता के दौरान डॉ. सिंह ने शिक्षकों के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई का किया वादा
गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (चेतनारायण गुट) के अधिकृत एमएलसी प्रत्याशी डॉ. राकेश सिंह के मऊ दौरे में शिक्षकों का व्यापक समर्थन देखने को मिला। वृक्षारोपण, मंदिर दर्शन और चुनावी रणनीति बैठक के साथ उन्होंने शिक्षकों के अधिकारों, सम्मान और लंबित समस्याओं को विधान परिषद में मजबूती से उठाने का संकल्प दोहराया।
स्थायी लोक अदालतों को मिलेंगे नए अध्यक्ष, प्रदेश के आठ जनपदों में नियुक्ति प्रक्रिया शुरू 24 अगस्त तक करें आवेदन
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने विभिन्न स्थायी लोक अदालतों में अध्यक्ष पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। विस्तृत विज्ञापन 23 जुलाई को जारी होगा, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 24 अगस्त शाम 5 बजे तक निर्धारित है। भर्ती के तहत आजमगढ़, बलरामपुर, महोबा, संत कबीर नगर, पीलीभीत, अलीगढ़, एटा और मथुरा की स्थायी लोक अदालतों में नियुक्तियां की जाएंगी। इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट से विस्तृत जानकारी प्राप्त कर समय सीमा के भीतर आवेदन कर सकते हैं।
सुरक्षा मानकों में लापरवाही पड़ी भारी, 59 बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को नोटिस जनसुरक्षा से कोई समझौता नहीं, निरीक्षण अभियान आगे भी रहेगा जारी—जिलाधिकारी
मऊ जिले में जनसुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर सख्ती शुरू कर दी है। विशेष निरीक्षण अभियान के दौरान सुरक्षा मानकों में खामियां मिलने पर 59 मैरिज हॉल, होटल, अस्पताल, स्कूल, मॉल और अन्य प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किया गया। जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने अग्निशमन एवं सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने और नियमों की अनदेखी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
खुरपका-मुंहपका से बचाव की पहल तेज, जिले में शुरू हुआ विशेष टीकाकरण अभियान 27 टीमें घर-घर जाकर संभालेंगी टीकाकरण की कमान
मऊ जिले में आज से खुरपका-मुंहपका (FMD) रोग के खिलाफ विशेष निःशुल्क टीकाकरण अभियान शुरू होगा। 8 सितंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत 2.04 लाख गोवंशीय एवं महिषवंशीय पशुओं को टीके लगाए जाएंगे। 27 टीकाकरण टीमें गांव-गांव जाकर पशुपालकों के घरों तक पहुंचेंगी और पात्र पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण करेंगी। पशुपालन विभाग ने सभी पशुपालकों से अभियान में सहयोग करने की अपील की है।
दोषियों को जल्द सजा दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता मासिक समीक्षा बैठक में डीएम ने जघन्य अपराधों, महिला उत्पीड़न और गैंगस्टर एक्ट मामलों पर दिए सख्त निर्देश
मऊ में आयोजित कानून-व्यवस्था एवं अभियोजन शाखा की मासिक समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने जघन्य अपराधों में त्वरित कार्रवाई और दोषियों को शीघ्र सजा दिलाने के निर्देश दिए। फास्ट ट्रैक कोर्ट में लंबित मामलों की प्रभावी पैरवी, एससी/एसटी एक्ट मामलों की विशेष समीक्षा, महिला उत्पीड़न एवं गैंगस्टर एक्ट में समयबद्ध चार्जशीट दाखिल करने तथा अवैध जहरीली शराब के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाने पर जोर दिया गया। जून माह में 296 मुकदमों का निस्तारण हुआ, जिनमें 210 मामलों में दोष सिद्ध हुआ।
पेराई सत्र की तैयारी में जुटी घोसी चीनी मिल, मंत्री ए. के. शर्मा ने परखी जमीनी हकीकत क्षमता वृद्धि और किसानों की सुविधा पहली प्राथमिकता
मऊ: आगामी गन्ना पेराई सत्र की तैयारियों का जायजा लेने नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने घोसी सहकारी चीनी मिल का निरीक्षण किया। उन्होंने मशीनों, प्लांट, कर्मचारियों और आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए पेराई सत्र शुरू होने से पहले सभी कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि आधुनिक तकनीक और बेहतर प्रबंधन से चीनी मिलों की कार्यक्षमता बढ़ेगी तथा किसानों को समय पर भुगतान और बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित होंगी।
मऊ: शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए घोसी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आठ लोग गिरफ्तार
मऊ: थाना घोसी पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए गए विशेष अभियान के तहत आठ लोगों को शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के तहत सभी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई। पुलिस ने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
