भारत हस्तशिल्प महोत्सव 2026 का शुभारंभ, 21 दिन सजेगा डिफेंस एक्सपो ग्राउंड

IMG 20261124 WA0372
Spread the love

प्रकाश पर्व और देव दिवाली पर हजारों दीप जलाकर हुआ उद्घाटन, पारंपरिक व आधुनिक उत्पादों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रहेगी धूम

लखनऊ। राजधानी के वृंदावन सेक्टर-15 स्थित डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में भारत हस्तशिल्प महोत्सव 2026 का शुभारंभ प्रकाश पर्व एवं देव दिवाली के अवसर पर हजारों दीप प्रज्वलित कर किया गया। 21 दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में भारतीय संस्कृति, हस्तशिल्प, आधुनिक उत्पादों, खानपान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संगम देखने को मिलेगा।

आयोजन में भारतीय परंपराओं को ध्यान में रखते हुए दीप प्रज्वलन किया गया और जनकल्याण एवं परोपकार की कामना की गई। महोत्सव में आधुनिक झूले, क्रॉकरी, कारपेट, फर्नीचर और सर्दियों के मौसम को देखते हुए गर्म सूट, शॉल, स्वेटर, कंबल व जैकेट सहित विभिन्न उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं।

खानपान के शौकीनों के लिए फूड जोन में कॉन्टिनेंटल व्यंजनों से लेकर बाटी-चोखा तक की विविधता उपलब्ध रहेगी। आयोजन स्थल पर परिवार और बच्चों के मनोरंजन के लिए भी विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिसमें उभरते कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलेगा। नए कलाकारों को अवसर देने के साथ स्थापित कलाकारों का सहयोग भी लिया जाएगा, जिससे सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके।

आयोजन समिति के अध्यक्ष विनोद सिंह ने शुभारंभ अवसर पर कहा कि लखनऊ की समस्त जनता, स्टॉल धारकों और महोत्सव से जुड़े सभी लोगों का अभिनंदन एवं स्वागत है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहभागी सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

संस्था के उपाध्यक्ष एनबी सिंह ने भी सभी अतिथियों, सहयोगियों और आयोजकों को धन्यवाद दिया। भारत हस्तशिल्प महोत्सव पिछले पांच वर्षों से आधुनिकता और परंपरा के समन्वय के माध्यम से भारतीय संस्कृति एवं हस्तशिल्प को नई दिशा देने का प्रयास कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *