कोहरे में हादसों पर लगेगा ब्रेक, ब्लैक स्पॉट पर चमकेंगे रिफ्लेक्टर

IMG 20261125 WA0399
Spread the love

एडीएम ने सड़क सुरक्षा को लेकर दिखाई सख्ती, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर अभियंताओं को दी चेतावनी

मऊ – सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन ने अब सख्त रुख अपनाया है। कोहरे और अंधेरे में दुर्घटनाओं का सबब बनने वाले संवेदनशील स्थानों पर रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेतक लगाना अनिवार्य होगा। साथ ही सड़कों के किनारे उगी झाड़ियों की सफाई कराई जाएगी, ताकि वाहन चालकों को रास्ता साफ दिखाई दे। यह निर्देश अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक में दिए। बैठक में शहर से बड़ुआ गोदाम तक हुए सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर एडीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अभियंताओं को दो टूक कहा कि निर्माण कार्यों में मानकों की अनदेखी किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी। एआरटीओ सोहेल अहमद ने बताया कि अक्टूबर में 2,123 वाहनों की जांच की गई। मोडिफाइड साइलेंसर पर 47 चालान कर 47 हजार रुपये और प्रेशर हॉर्न पर 22 चालान कर 2.20 लाख रुपये का शमन शुल्क लगाया गया। जिले के 24 ब्लैक स्पॉट पर भी सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा हुई। एडीएम ने सभी विभागों को आपसी तालमेल से काम कर सड़क हादसों में कमी लाने के निर्देश दिए। बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *