‘बूंद-बूंद से सागर भरता है’ की तर्ज पर बूथ-बूथ तक पहुंचेगा पुनरीक्षण अभियान, डीएम ने राजनीतिक दलों से मांगा सक्रिय सहयोग
मऊ- लोकतंत्र की मजबूती की पहली शर्त है कि हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो। इसी सोच के साथ जिले में मतदाता सूची को दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी गई है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम- 2027 के तहत महज सात दिनों में 11,035 आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने इसे और गति देने के लिए अब बूथ स्तर पर अभियान को धार देने के निर्देश दिए हैं। गुरुवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम ने कहा कि ‘बूंद-बूंद से सागर भरता है’, इसलिए हर बूथ पर छोटे-छोटे प्रयास भी मतदाता सूची को अधिक समावेशी और विश्वसनीय बनाने में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। 17 से 24 नवंबर तक प्राप्त आवेदनों में फॉर्म-6 के 7,656, फॉर्म-7 के 1,098 और फॉर्म-8 के 2,281 आवेदन शामिल हैं। फॉर्म-6 नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, फॉर्म-7 अपात्र, मृतक और डुप्लीकेट नाम हटाने तथा फॉर्म-8 विवरणों में संशोधन के लिए प्राप्त हुए हैं। डीएम ने कहा कि ‘जागरूकता ही लोकतंत्र की असली ताकत है।’ राजनीतिक दल अपने बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) को सक्रिय करें और घर-घर तक अभियान की जानकारी पहुंचाएं। उन्होंने पात्र मतदाताओं से भी समय रहते आवेदन करने की अपील की। ऑफलाइन फॉर्म-6 भी जमा किए जा सकेंगे, जिन्हें बीएलओ ऑनलाइन दर्ज करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार सहित निर्वाचन से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।




