लखनऊ, 27 अगस्त 2026। लखनऊ छावनी को आधुनिक सुविधाओं से युक्त मॉडल छावनी के रूप में विकसित करने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है। इसी क्रम में आगामी 30 अगस्त 2026 को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह छावनी परिषद लखनऊ की जनकल्याण एवं जनसुविधाओं से जुड़ी 12 महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन करेंगे। इन परियोजनाओं की कुल अनुमानित लागत करीब 100.92 करोड़ रुपये है।
इन प्रस्तावित परियोजनाओं में जलापूर्ति पाइपलाइन का पुनरोद्धार, नए ट्यूबवेल, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, मल्टी लेवल कार पार्किंग, शवदाह स्थल, लिगेसी वेस्ट मैनेजमेंट, एकता बाजार, अभ्युदय डिस्पेंसरी तथा विशेष बच्चों के लिए स्कूल सहित कई महत्वपूर्ण जनसुविधाएं शामिल हैं। परियोजनाओं के माध्यम से छावनी क्षेत्र में रहने वाले लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वच्छता, यातायात व्यवस्था और सामाजिक सुविधाओं को भी मजबूत किया जाएगा।
इन विकास परियोजनाओं की जानकारी देने के लिए 27 अगस्त को रक्षा सम्पदा प्रधान निदेशक, मध्य कमान के कार्यालय में प्रेस कान्फ्रेंस आयोजित की गई। प्रधान निदेशक रक्षा सम्पदा, मध्य कमान श्रीमती भावना सिंह ने पत्रकारों को बताया कि 30 अगस्त को आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, समाज कल्याण मंत्री तथा महानिदेशक रक्षा सम्पदा भी मौजूद रहेंगे। उन्होंने परियोजनाओं के प्रमुख पहलुओं और उनके माध्यम से छावनी क्षेत्र में होने वाले बदलावों की जानकारी दी।

छावनी परिषद लखनऊ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अभिषेक राठौड़ ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से 12 परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने परियोजनाओं की अनुमानित लागत, निर्धारित पूर्णता अवधि तथा उनके लिए उपलब्ध कराए जा रहे फंडिंग स्रोतों के बारे में बताया। वहीं, छावनी परिषद के मनोनीत सदस्य प्रमोद शर्मा ने इन परियोजनाओं को परिषद के इतिहास में अभूतपूर्व बताते हुए कहा कि इनके पूरा होने से छावनी क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं का विस्तार होगा।
प्रेस कान्फ्रेंस के दौरान निदेशक पुष्पेन्द्र सिंह ने मध्य प्रदेश के छावनी क्षेत्रों में चल रही विकास परियोजनाओं की भी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि अमृत मिशन के तहत राज्य सरकार के सहयोग से कई छावनी क्षेत्रों में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट और जलापूर्ति पाइपलाइन से संबंधित परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है।
कार्यक्रम में लखनऊ व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं सदर व्यापार मंडल के अध्यक्ष सतवीर सिंह राजू सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे। प्रेस कान्फ्रेंस का समापन निदेशक पुष्पेन्द्र सिंह के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।




