बारिश ने बदला UPT20 League का प्लेऑफ, अब लखनऊ में होंगे प्लेऑफ और फाइनल

Pi7 GIF CMP
Spread the love

कानपुर में लगातार बारिश के चलते प्लेऑफ और फाइनल इकाना स्टेडियम में होंगे आयोजित

खिलाड़ियों की सुरक्षा और निष्पक्ष मुकाबला सर्वोच्च प्राथमिकता : डॉ. संजय कपूर

कानपुर, 31 अगस्त 2026। कानपुर में लगातार हो रही बारिश ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के रोमांचक सफर का रुख एक बार फिर लखनऊ की ओर मोड़ दिया है। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों और गीली आउटफील्ड के कारण लीग के आगामी प्लेऑफ और फाइनल मुकाबलों को कानपुर से लखनऊ स्थानांतरित करने का फैसला लिया गया है। अब ये सभी निर्णायक मुकाबले पूर्व निर्धारित तिथियों पर भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम, लखनऊ में खेले जाएंगे।

इस महत्वपूर्ण फैसले की जानकारी यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने सोमवार को कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह फैसला किसी टीम को फायदा पहुंचाने या नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से नहीं, बल्कि खिलाड़ियों की सुरक्षा, निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा और क्रिकेट की गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

डॉ. संजय कपूर ने कहा कि कानपुर में लगातार बारिश के कारण मुकाबलों को निर्धारित तरीके से पूरा कराना चुनौतीपूर्ण हो रहा है। बारिश और गीली आउटफील्ड के चलते न केवल मैचों का स्वरूप प्रभावित हो रहा है, बल्कि खिलाड़ियों की सुरक्षा पर भी खतरा बढ़ रहा है। ऐसे में प्लेऑफ जैसे निर्णायक मुकाबलों में सभी टीमों को अपनी पूरी क्षमता दिखाने के लिए समान और बेहतर परिस्थितियां उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा कि लीग प्रबंधन ने आने वाले दिनों के मौसम के पूर्वानुमान का भी विस्तृत आकलन किया। पूर्वानुमान में कानपुर में लगातार बारिश की संभावना को देखते हुए प्लेऑफ और फाइनल को लखनऊ स्थानांतरित करने का निर्णय भारी मन से लेना पड़ा।

“हर टीम को पूरे 20 ओवर खेलने का मिले उचित अवसर”

डॉ. कपूर ने कहा कि प्लेऑफ में पहुंचने वाली सभी टीमें पूरे सत्र की मेहनत के बाद निर्णायक दौर में पहुंची हैं। इसलिए उन्हें ऐसे मैदान और मौसम की परिस्थितियां मिलनी चाहिए, जहां वे पूरे 20 ओवर खेलकर अपनी रणनीति, कौशल और क्षमता का प्रदर्शन कर सकें।

उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के कारण मैचों के बार-बार बाधित होने और छोटे प्रारूप के मुकाबलों के देर रात तक खिंचने से खिलाड़ियों पर शारीरिक और मानसिक दबाव भी बढ़ता है। इसके अलावा गीली आउटफील्ड पर खेलने से चोट का जोखिम भी बना रहता है। ऐसे में खिलाड़ियों के हित को देखते हुए लखनऊ को प्लेऑफ के लिए बेहतर विकल्प माना गया।

दर्शकों को मिलेगा निर्बाध क्रिकेट का रोमांच

लीग प्रबंधन का कहना है कि प्लेऑफ और फाइनल जैसे बड़े मुकाबलों में केवल खिलाड़ियों को ही नहीं, बल्कि दर्शकों को भी निर्बाध क्रिकेट देखने का अवसर मिलना चाहिए। लखनऊ में मुकाबले आयोजित करने का उद्देश्य यही है कि बारिश के व्यवधान की आशंका कम हो और दर्शक पूरे रोमांच के साथ निर्णायक मुकाबलों का आनंद उठा सकें।

डॉ. संजय कपूर ने दोहराया कि स्थान परिवर्तन का फैसला पूरी तरह खेल की निष्पक्षता और खिलाड़ियों के हित में लिया गया है। प्लेऑफ में पहुंचने वाली हर टीम को अपनी सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलने के लिए समान अवसर देना ही लीग प्रबंधन की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि प्लेऑफ और फाइनल मुकाबले पूर्व निर्धारित तिथियों पर ही लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होंगे।

यूपी टी-20 लीग प्रबंधन ने कानपुर चरण के दौरान दर्शकों, खिलाड़ियों, टीमों, अधिकारियों और सभी सहयोगी संस्थाओं से मिले सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। प्रेस वार्ता के दौरान उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम, यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह, यूपीसीए के मीडिया संयोजक अहमद अली खान ‘तालिब’ समेत अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *