मऊ- कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की अगुवाई में जिला शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में सावन माह की कांवड़ यात्रा, सावन मेला और आने वाले त्योहारों को सकुशल व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने साफ कहा कि 30 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त तक चलने वाली कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी विभाग की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। सभी अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए गए। बैठक में कांवड़ मार्गों की साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, बिजली और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया गया। बिजली विभाग को जर्जर तार बदलने और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश मिले, जबकि खाद्य सुरक्षा विभाग को होटल, ढाबों और भोजनालयों की नियमित जांच करने को कहा गया। पुलिस प्रशासन को यात्रा मार्गों पर जाम न लगने देने और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई।पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने लोगों से भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की। अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि तेज आवाज वाले साउंड सिस्टम और नशीले पदार्थों के सेवन पर पूरी तरह रोक रहेगी। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर पालिका ने साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं में पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया। बैठक में जनप्रतिनिधियों और शांति समिति के सदस्यों ने भी अपने सुझाव रखे।बैठक में अपर जिलाधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट, समस्त उप जिलाधिकारी, समस्त क्षेत्राधिकारी, समस्त थानाध्यक्ष, पूर्व अध्यक्ष तैय्यब पालकी, दिनेश भारती, संजय वर्मा, भारत लाल राही, इम्तियाज अहमद सहित शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।
कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, तैयारियों की समीक्षा, जिला शांति समिति की बैठक में अधिकारियों को दिए गए सख्त निर्देश।




