सरोजनीनगर बार एसोसिएशन चुनाव में बढ़ी हलचल, 32 नामांकन फार्म दाखिल; अध्यक्ष और महामंत्री पद पर एक-एक दावेदार

IMG 20261127 160824
Spread the love

सरोजनीनगर बार एसोसिएशन चुनाव में बढ़ी हलचल, 32 नामांकन फार्म दाखिल; अध्यक्ष और महामंत्री पद पर एक-एक दावेदार

वार्षिक चुनाव 2026-27 को लेकर अधिवक्ताओं में उत्साह, नामांकन पत्रों की जांच के बाद कल दोपहर जारी होगी प्रत्याशियों की अंतिम सूची

 

 

सरोजिनी नगर लखनऊ । सरोजनीनगर बार एसोसिएशन, लखनऊ के वार्षिक चुनाव वर्ष 2026-27 को लेकर चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को नामांकन प्रक्रिया के दौरान विभिन्न पदों पर चुनाव लड़ने के इच्छुक अधिवक्ताओं ने बढ़-चढ़कर अपनी दावेदारी पेश की। चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। नामांकन के अंतिम दिन विभिन्न पदों के लिए कुल 32 नामांकन फार्म प्राप्त हुए, जिसके बाद बार एसोसिएशन परिसर में चुनावी सरगर्मी और तेज हो गई है।
एल्डर कमेटी के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता दिवाकर प्रसाद शर्मा ने बताया कि शुक्रवार, 27 नवंबर को वार्षिक चुनाव की निर्धारित प्रक्रिया के तहत अध्यक्ष, महामंत्री सहित विभिन्न पदों के लिए प्रत्याशियों ने अपने नामांकन फार्म निर्वाचन अधिकारी एवं रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष प्रस्तुत किए। पूरी प्रक्रिया एल्डर कमेटी की देखरेख में संपन्न कराई गई। उन्होंने बताया कि कुल 32 नामांकन फार्म प्राप्त हुए हैं, जिनमें अध्यक्ष पद के लिए एक तथा महामंत्री पद के लिए भी एक नामांकन फार्म शामिल है। इसके अलावा अन्य विभिन्न पदों के लिए भी प्रत्याशियों ने अपनी दावेदारी प्रस्तुत की है।
दिवाकर प्रसाद शर्मा ने बताया कि प्राप्त सभी नामांकन पत्रों का गहन परीक्षण एवं सत्यापन किया जा रहा है, ताकि चुनाव प्रक्रिया नियमानुसार और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जा सके। नामांकन पत्रों की जांच के उपरांत प्रत्याशियों को नाम वापसी का अवसर दिया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शनिवार, 28 नवंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया चलेगी। इसके बाद दोपहर 2 बजे के पश्चात चुनाव कार्यालय पर प्रत्याशियों की अंतिम सूची चस्पा कर दी जाएगी।
इस दौरान एल्डर कमेटी के सदस्य अधिवक्ता आशीष कुमार श्रीवास्तव, विनय कुमार शुक्ला, एच. आर. रहमान गौरव कुमार सिंह एवं डॉ. अनिल कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।
नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब अधिवक्ताओं की निगाहें नाम वापसी और अंतिम प्रत्याशी सूची पर टिकी हैं। आगामी चुनाव को लेकर बार एसोसिएशन के सदस्यों में उत्सुकता बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *