एएचटी टीम ने छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को बताए बाल विवाह के दुष्परिणाम और कानूनी प्रावधान।
मऊ- कहा जाता है कि “बच्चे देश का भविष्य होते हैं, उनकी उड़ान को समय से पहले जिम्मेदारियों के पिंजरे में कैद नहीं करना चाहिए। ” इसी सोच को साकार करने के उद्देश्य से थाना एएचटी मऊ की ओर से रामस्वरूप भारती इंटर कॉलेज, शिवजी मठ भीटी में बाल विवाह रोकथाम एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय की अर्चना राय सहित निरीक्षक अजीत कुमार चौधरी, महिला उपनिरीक्षक सोनिका सिंह, महिला आरक्षी निशा मिश्रा, कोमल एवं सोशल वर्कर प्रिंस कुमार ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और स्थानीय लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। वक्ताओं ने कहा कि कम उम्र में विवाह बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ उनकी शिक्षा एवं आत्मनिर्भरता के रास्ते में बड़ी बाधा बनता है। बाल विवाह केवल सामाजिक कुरीति ही नहीं, बल्कि कानूनन दंडनीय अपराध भी है।प्रतिभागियों को बाल विवाह निषेध अधिनियम एवं संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया गया कि बाल विवाह कराने, उसमें सहयोग करने अथवा उसे बढ़ावा देने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई का प्रावधान है। अभिभावकों से अपील की गई कि वे बेटा-बेटी में भेदभाव किए बिना दोनों की शिक्षा को प्राथमिकता दें। संदिग्ध बाल विवाह की सूचना तत्काल पुलिस हेल्पलाइन 112 अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर देने की अपील भी की गई। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने बाल विवाह मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया। एएचटी टीम ने स्पष्ट किया कि बाल विवाह और मानव तस्करी के विरुद्ध निगरानी एवं कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




