मऊ- महिला कल्याण विभाग की ओर से राम नगीना इंटर कॉलेज, रानीपुर में बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ एवं मिशन शक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने गांव की गलियों व आसपास के क्षेत्र में रैली निकालकर लोगों से बेटियों की पढ़ाई, सुरक्षा और सम्मान का संदेश साझा किया। बच्चों के जोशीले नारों से पूरा माहौल जागरूकता के रंग में रंग गया। रैली के बाद “एक पेड़ बेटी के नाम” अभियान के अंतर्गत विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया गया। जिला मिशन समन्वयक अर्चना राय ने कहा कि बेटियों को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाना समाज की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में महिला सुरक्षा हेल्पलाइन की जानकारी देने के साथ विभागीय योजनाओं का भी प्रचार-प्रसार किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार, महिला कल्याण विभाग की टीम तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ मौजूद रहे।
बेटी बचाओ का संदेश लेकर निकली रैली, बेटियों के नाम लगाए गए पौधे, मिशन शक्ति के रंग में रंगा रानीपुर




