लखनऊ, 24 अगस्त 2026। तेज गेंदबाज नमन तिवारी की घातक गेंदबाजी और कप्तान प्रशांत वीर की आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर नोएडा किंग्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के बारिश से प्रभावित मुकाबले में गौर गोरखपुर लायंस को चार विकेट से हरा दिया। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में नमन तिवारी ने महज 13 रन देकर छह विकेट झटकते हुए लीग का अब तक का शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन किया।
बारिश और गीली आउटफील्ड के कारण मुकाबला 18-18 ओवर का कर दिया गया। नोएडा किंग्स के कप्तान प्रशांत वीर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जिसे उनके गेंदबाजों ने पूरी तरह सही साबित किया। गौर गोरखपुर लायंस की टीम 17.5 ओवर में 112 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

गोरखपुर की शुरुआत बेहद खराब रही। नमन तिवारी ने दूसरे ओवर में अभय प्रताप सिंह को 10 रन के निजी स्कोर पर बोल्ड किया और चौथे ओवर में कप्तान आर्यन जुयाल को महज दो रन पर पवेलियन भेज दिया। इसके बाद आर्यन चौधरी 15 रन और प्रिंस यादव भी जल्द आउट हो गए। नमन ने 13वें ओवर में शिवम शर्मा को तीन रन पर विकेटकीपर आदित्य शर्मा के हाथों कैच कराया और इसी ओवर में सिद्धार्थ यादव को 18 रन पर प्रशांत वीर के हाथों कैच कराकर गोरखपुर की कमर तोड़ दी। पारी के अंतिम चरण में उन्होंने अंकित चौधरी को 14 रन पर आउट कर अपना छठा विकेट पूरा किया। नमन ने 3.5 ओवर में बिना कोई मेडन फेंके सिर्फ 13 रन देकर छह विकेट लिए।
113 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नोएडा किंग्स की शुरुआत भी आसान नहीं रही। माधव कौशिक आठ रन बनाकर आउट हुए, जबकि शोएब सिद्दीकी 13 रन पर पवेलियन लौट गए। 35 रन के स्कोर पर दो विकेट गंवाने के बाद रवि सिंह ने 19 रन और अनिवेश चौधरी ने 13 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की। आदित्य शर्मा ने 35 रन की उपयोगी पारी खेली, लेकिन उनके आउट होने के बाद नोएडा पर दबाव बढ़ गया। कार्तिक सिद्धू भी दो रन बनाकर आउट हो गए।
हालांकि लक्ष्य छोटा होने के कारण नोएडा किंग्स जीत के करीब बनी रही। उसे अंतिम समय में 13 गेंदों पर सिर्फ छह रन की जरूरत थी। कप्तान प्रशांत वीर ने 17वें ओवर की पहली ही गेंद पर जोरदार छक्का लगाकर मुकाबला खत्म कर दिया। प्रशांत ने सिर्फ 10 गेंदों पर दो गगनचुंबी छक्कों की मदद से नाबाद 20 रन बनाए। नोएडा किंग्स ने 16.1 ओवर में छह विकेट खोकर 113 रन बनाए और चार विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इससे पहले मुकाबले की औपचारिक शुरुआत उत्तर प्रदेश सरकार के आबकारी एवं मद्यनिषेध विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल ने टॉस कराने और पारंपरिक रूप से घंटा बजाने की रस्म के साथ की। उन्होंने कहा कि यूपी टी-20 लीग जैसे बड़े खेल आयोजनों से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिल रहा है और खेल प्रेमियों को उच्च स्तर का क्रिकेट देखने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि लीग की बढ़ती लोकप्रियता प्रदेश में क्रिकेट के प्रति लोगों के बढ़ते जुड़ाव को दर्शाती है।

यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि लीग के प्रत्येक मुकाबले में प्रतिस्पर्धा का स्तर लगातार बेहतर हो रहा है। अलग-अलग टीमों के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से मुकाबले रोमांचक बन रहे हैं और यही लीग की सबसे बड़ी विशेषता है।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला, मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम, यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।




