रिंकू सिंह के 30 रन और जीशान की घातक गेंदबाजी से मेरठ की जीत, कानपुर को 19 रन से हराया

WhatsApp Image 2026 08 25 at 8.09.39 PM 40kb
Spread the love

लखनऊ, 25 अगस्त 2026। बारिश से प्रभावित मुकाबले में मेरठ मावेरिक्स ने कप्तान रिंकू सिंह की तूफानी 30 रन की पारी और लेग स्पिनर जीशान अंसारी की शानदार गेंदबाजी के दम पर कानपुर सुपरस्टार्स को 19 रन से शिकस्त दी। जीशान ने महज 12 रन देकर तीन विकेट झटककर मेरठ की जीत में अहम भूमिका निभाई और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ मेरठ मावेरिक्स ने लीग में अपना अजेय अभियान जारी रखते हुए सातवीं जीत दर्ज की और अंक तालिका में शीर्ष स्थान बरकरार रखा।

भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में मंगलवार को खेले जाने वाले दिन के पहले मुकाबले पर बारिश का असर पड़ा। समय से मैच शुरू नहीं होने के बाद मैदान का निरीक्षण किया गया और मुकाबले को पांच-पांच ओवर का कर दिया गया। शाम छह बजे शुरू हुए मैच में कानपुर सुपरस्टार्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।

WhatsApp Image 2026 08 25 at 8.09.40 PM

पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेरठ मावेरिक्स की शुरुआत तेज रही, लेकिन टीम ने 29 रन तक अपने दो विकेट गंवा दिए। स्वास्तिक चिकारा ने पांच गेंदों पर एक चौके और एक छक्के की मदद से 11 रन बनाए, लेकिन दूसरे ओवर में अजय कुमार की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसी ओवर में रितुराज शर्मा ने महज चार गेंदों पर 16 रन ठोके, जिसमें एक चौका और दो छक्के शामिल रहे, लेकिन वह भी अजय कुमार का शिकार बने।

इसके बाद कप्तान रिंकू सिंह ने मोर्चा संभाला और कानपुर के गेंदबाजों पर जमकर प्रहार किया। रिंकू ने केवल 10 गेंदों में चार छक्कों की मदद से 30 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी इस पारी ने मेरठ को बड़े स्कोर की ओर बढ़ाया, हालांकि चौथे ओवर में कर्ण शर्मा की गेंद पर वह विनीत पंवार के हाथों कैच आउट हो गए।

WhatsApp Image 2026 08 25 at 8.09.40 PM 1

अंतिम ओवरों में दिव्यांश जोशी ने सात गेंदों पर नाबाद 22 रन और दिव्यांश राजपूत ने नाबाद 14 रन बनाकर मेरठ के स्कोर को पांच ओवर में तीन विकेट पर 96 रन तक पहुंचा दिया। कानपुर की ओर से अजय कुमार सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने दो ओवर में 37 रन देकर दो विकेट लिए।

97 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कानपुर सुपरस्टार्स ने आक्रामक शुरुआत की। आदर्श सिंह ने सिर्फ आठ गेंदों पर दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 28 रन बनाए, जबकि समीर रिजवी ने 13 गेंदों पर एक चौका और दो छक्कों की मदद से 22 रन जोड़े। दोनों की तेज बल्लेबाजी से कानपुर शुरुआती ओवरों में मजबूत स्थिति में नजर आया।

लेकिन जीशान अंसारी की गेंदबाजी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। अपने दो ओवर के स्पेल में महज 12 रन देकर तीन विकेट लेने वाले जीशान ने समीर रिजवी, आदर्श सिंह और सत्यम सांगू को पवेलियन भेज दिया। उनके लगातार झटकों से कानपुर की रन गति पर ब्रेक लग गया और टीम निर्धारित पांच ओवर में तीन विकेट पर 77 रन ही बना सकी।

इस तरह मेरठ मावेरिक्स ने 19 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया। रिंकू सिंह की विस्फोटक बल्लेबाजी और जीशान अंसारी की निर्णायक गेंदबाजी ने मेरठ को बारिश से प्रभावित इस छोटे लेकिन रोमांचक मुकाबले में एक और जीत दिला दी। जीशान अंसारी को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।

 

WhatsApp Image 2026 08 25 at 8.09.42 PM 1

मैच की औपचारिक शुरुआत उत्तर प्रदेश सरकार के वन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने टॉस कराने और पारंपरिक रूप से घंटा बजाने की रस्म के साथ की। उन्होंने कहा कि यूपी टी-20 लीग ने प्रदेश में क्रिकेट के माहौल को नई ऊर्जा दी है और युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराया है।

यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह ने कहा कि लीग का उद्देश्य प्रदेश की क्रिकेट प्रतिभाओं को मजबूत मंच देना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सदस्य साजिद उमर, सहारनपुर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव यश पाल सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

WhatsApp Image 2026 08 25 at 8.09.42 PM WhatsApp Image 2026 08 25 at 8.09.41 PM 1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *