13 रन में छह विकेट: नमन तिवारी ने रचा इतिहास, यूपी टी-20 लीग में बने सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज

WhatsApp Image 2026 08 25 at 12.41.11 AM 40kb
Spread the love

लखनऊ, 24 अगस्त 2026। नोएडा किंग्स के युवा तेज गेंदबाज नमन तिवारी ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 में अपनी घातक गेंदबाजी से नया इतिहास रच दिया। गौर गोरखपुर लायंस के खिलाफ नमन ने सिर्फ 13 रन देकर छह विकेट हासिल किए और लीग के इतिहास में एक पारी में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी का नया रिकॉर्ड कायम कर दिया।

नमन ने 3.5 ओवर की गेंदबाजी में बिना कोई मेडन किए महज 13 रन खर्च किए। उनकी गेंदों का गोरखपुर के बल्लेबाजों के पास कोई जवाब नहीं था। नमन ने पहले पांच विकेट पूरे किए और इसके बाद छठा विकेट हासिल करते ही यूपी टी-20 लीग के रिकॉर्ड बुक में अपना नाम सबसे ऊपर दर्ज करा लिया।

नमन के इस प्रदर्शन से पहले लीग में एक पारी में छह विकेट लेने का रिकॉर्ड दो गेंदबाजों के नाम था। यूपी टी-20 लीग के पहले सीजन में काशी रुद्रास के अटल बिहारी राय ने लखनऊ फाल्कन्स के खिलाफ चार ओवर में 27 रन देकर छह विकेट चटकाए थे। इसी सीजन में मेरठ मावेरिक्स के कार्तिक त्यागी ने भी लखनऊ फाल्कन्स के खिलाफ चार ओवर में एक मेडन के साथ 35 रन देकर छह विकेट हासिल किए थे।

नमन तिवारी ने महज 13 रन देकर छह विकेट लेकर दोनों गेंदबाजों के प्रदर्शन को पीछे छोड़ दिया। खास बात यह रही कि उन्होंने छह विकेट हासिल करने के लिए अटल बिहारी राय से 14 रन और कार्तिक त्यागी से 22 रन कम खर्च किए। इस तरह नमन यूपी टी-20 लीग में छह विकेट लेने वाले सबसे किफायती गेंदबाज भी बन गए।

यूपी टी-20 लीग में एक पारी में छह विकेट

  • नमन तिवारी, नोएडा किंग्स (2026): 3.5 ओवर, 13 रन, 6 विकेट
  • अटल बिहारी राय, काशी रुद्रास (2023): 4 ओवर, 27 रन, 6 विकेट
  • कार्तिक त्यागी, मेरठ मावेरिक्स (2023): 4 ओवर, 35 रन, 6 विकेट

नमन तिवारी की इस रिकॉर्डतोड़ गेंदबाजी ने न सिर्फ गौर गोरखपुर लायंस की पारी को 112 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभाई, बल्कि यूपी टी-20 लीग के रिकॉर्ड बुक में भी नया अध्याय जोड़ दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *