लखनऊ। गुरुद्वारा आलमबाग परिसर में सेवा भाव से संचालित दशमेश पब्लिक स्कूल ने अपने 19 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विद्यालय में स्मार्ट क्लास, एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित स्मार्ट बोर्ड तथा अत्याधुनिक म्यूज़िक सेंटर का शुभारंभ किया। इन आधुनिक सुविधाओं का लोकार्पण लखनऊ की महापौर श्रीमती सुषमा खरकवाल ने किया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षाविदों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, अभिभावकों एवं सिख समाज के गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए महापौर श्रीमती सुषमा खरकवाल ने कहा कि “बच्चे देश का भविष्य होते हैं और किसी भी राष्ट्र की उन्नति उसके बच्चों की शिक्षा पर निर्भर करती है। जितने अधिक बच्चे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करेंगे, देश उतनी ही तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ेगा।” उन्होंने कहा कि दशमेश पब्लिक स्कूल समाज के सहयोग से आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद बच्चों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने का सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने विद्यालय द्वारा स्मार्ट स्कूल की अवधारणा को अपनाते हुए एआई आधारित स्मार्ट बोर्ड स्थापित करने की पहल की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से बच्चों की शिक्षा को और अधिक प्रभावी एवं रोचक बनाया जा सकेगा।

महापौर ने कहा कि विद्यालय में स्थापित किया गया आधुनिक म्यूज़िक सेंटर भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने बताया कि यहां बच्चों को संगीत की विधिवत शिक्षा देने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से म्यूज़िक एल्बम रिकॉर्डिंग जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इससे बच्चों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा निखारने और भविष्य में संगीत के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
अपने संबोधन के दौरान महापौर ने विद्यालय के विकास में योगदान देने वाले समाजसेवियों एवं सहयोगियों का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। उन्होंने स. गुरजीत सिंह छाबड़ा, सुरिन्दर सिंह खुराना, सर्वजीत सिंह झंडू, संदीप सिंह आनंद, मंदीप सिंह बजाज सहित सभी सहयोगियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि समाज के सामूहिक सहयोग से ही ऐसे सेवा कार्य सफल हो पाते हैं।
महापौर श्रीमती सुषमा खरकवाल ने इस अवसर पर साहिबज़ादा पार्क के निर्माण का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग गलत जानकारी फैलाकर विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन ऐसे प्रयास सफल नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की परिकल्पना के अनुरूप शीघ्र ही भव्य साहिबज़ादा पार्क का निर्माण कराया जाएगा, जो आने वाली पीढ़ियों को सिख इतिहास एवं साहिबज़ादों के अद्वितीय बलिदान से प्रेरणा देगा।
समारोह में मौजूद पूर्व महापौर श्रीमती संयुक्ता भाटिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने सदैव सिख समाज के सम्मान, धार्मिक आस्था और विकास को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा समय-समय पर समाज के हित में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं, जिससे सिख समाज का विश्वास और सम्मान लगातार बढ़ा है।

विद्यालय के अध्यक्ष निर्मल सिंह ने अपने संबोधन में विद्यालय की स्थापना और विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय सरदार जोगेंद्र सिंह तथा स्वर्गीय गुरमुख सिंह आनंद को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया। उन्होंने सभी अतिथियों, समाजसेवियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान समय में प्रदेश का वातावरण ऐसा है जिसमें सिख समाज स्वयं को सम्मानित एवं सुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने सामाजिक सेवा के अपने संकल्प को आगे बढ़ाते हुए घोषणा की कि शीघ्र ही स्वर्गीय गुरमुख सिंह आनंद स्किल डेवलपमेंट सेंटर की स्थापना की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना की तैयारियां प्रारंभ हो चुकी हैं और इसका उद्देश्य युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना होगा।
कार्यक्रम के सूत्रधार एवं मीडिया प्रभारी सतबीर सिंह राजू तथा हरजीत सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि समारोह में पूर्व महापौर श्रीमती संयुक्ता भाटिया, डिप्टी महापौर श्रीमती चरणजीत कौर गांधी, पार्षद गिरीश मिश्रा, विनोद रात्रा, रतपाल सिंह गोल्डी, हरजीत सिंह, त्रिलोक सिंह टुटेजा, परमजीत सिंह पाहवा, सुरेन्द्र पाल सिंह बक्शी, हरपाल सिंह गुलाटी, राजेन्द्र सिंह राजू, बलजीत कौर, विद्यालय की प्रधानाचार्या सरवजीत कौर, जसबीर कौर, रीतू वडेरा, सुरजीत सिंह राजपाल, अनिल एल. वरमानी, कुमुद निगम सहित अनेक गणमान्य नागरिक, शिक्षक, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। समारोह का समापन विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।




