मऊ। राखी के त्योहार पर कहीं मिलावट का खेल न चल जाए, इसे लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को मोर्चा संभाल लिया। सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय मंजूषा सिंह के नेतृत्व में टीम ने बढ़ुआ गोदाम के पास फोरलेन पर DL 1M-D 0210 नंबर की गाड़ी रोककर जांच-पड़ताल की। गाड़ी में बिक्री के लिए रखा पनीर, लस्सी, क्लासिक दही और तड़का छाछ मिला। टीम ने सभी के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। अब रिपोर्ट बताएगी कि सामान कितना खरा है और कितना खोटा। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित कुमार राना, विजय प्रकाश, अजीत कुमार त्रिपाठी और ओम प्रकाश यादव मौजूद रहे। खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से त्योहार के मौके पर मिलावटखोरों में खलबली मची हुई है।





