आदर्श का शतक बेकार, निशांत के चौके से गोरखपुर की रोमांचक जीत कानपुर सुपरस्टार्स को तीन विकेट से दी शिकस्त

WhatsApp Image 2026 08 26 at 8.12.22 PM 40kb
Spread the love

लखनऊ, 26 अगस्त 2026। आदर्श सिंह के शानदार नाबाद शतक के बावजूद कानपुर सुपरस्टार्स को यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के रोमांचक मुकाबले में गौर गोरखपुर लायंस के हाथों तीन विकेट से हार का सामना करना पड़ा। बारिश से बाधित मुकाबले में डकवर्थ-लुईस पद्धति से गोरखपुर को 10 ओवर में 121 रन का संशोधित लक्ष्य मिला, जिसे टीम ने 9.4 ओवर में सात विकेट खोकर 124 रन बनाते हुए हासिल कर लिया। निशांत कुशवाहा ने विजयी चौका जड़कर गोरखपुर को रोमांचक जीत दिलाई।

भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में गौर गोरखपुर लायंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। कानपुर सुपरस्टार्स को आदर्श सिंह और प्रियांशु पांडेय ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 63 रन जोड़े। प्रियांशु ने 16 गेंदों पर दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 24 रन बनाए। सातवें ओवर की पहली गेंद पर शिवम शर्मा ने उन्हें अपनी ही गेंद पर कैच कर पवेलियन भेजा।

WhatsApp Image 2026 08 26 at 8.12.22 PM 1

इसके बाद कप्तान समीर रिजवी ने आदर्श का साथ दिया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 80 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। समीर ने 20 गेंदों पर 13 रन बनाए, लेकिन 15वें ओवर की पहली गेंद पर विशाल निषाद की गेंद पर निशांत कुशवाहा के हाथों कैच आउट हो गए।

समीर के आउट होने के बाद आदर्श सिंह ने मोर्चा संभालते हुए आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और सीजन का अपना पहला शतक पूरा किया। उन्होंने सिर्फ 54 गेंदों पर नाबाद 101 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और नौ छक्के शामिल रहे। उनकी शानदार पारी के दम पर कानपुर ने 15.4 ओवर में दो विकेट पर 150 रन बनाए। इसके बाद बारिश के कारण खेल रोक दिया गया और कानपुर की पारी इसी स्कोर पर समाप्त हुई।

बारिश के बाद डकवर्थ-लुईस पद्धति के तहत गोरखपुर लायंस को 10 ओवर में 121 रन का संशोधित लक्ष्य मिला। लक्ष्य का पीछा करते हुए गोरखपुर ने आक्रामक शुरुआत की, लेकिन विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे।

अभय प्रताप सिंह ने 17 गेंदों पर 33 रन की तेज पारी खेली। आर्यन चौधरी और आर्यन जुयाल ने चार-चार गेंदों पर 14-14 रन बनाकर टीम की रन गति बनाए रखी। सिद्धार्थ यादव एक रन बनाकर आउट हुए। 4.1 ओवर में गोरखपुर ने 59 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे।

WhatsApp Image 2026 08 26 at 8.13.33 PM

इसके बाद प्रिंस यादव ने 13 और हरदीप सिंह ने 10 रन का योगदान देकर टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया। शिवम शर्मा 10वें ओवर की तीसरी गेंद पर छह रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद कानपुर के गेंदबाजों की लगातार दो गेंदें वाइड रहीं, जिससे गोरखपुर की जीत की तस्वीर लगभग साफ हो गई।

हालांकि एक छोर पर निशांत कुशवाहा डटे रहे। उन्होंने महज 10 गेंदों पर एक चौके और दो गगनचुंबी छक्कों की मदद से नाबाद 25 रन बनाए। आखिरी पलों में निशांत ने विजयी चौका लगाकर गोरखपुर को 9.4 ओवर में सात विकेट पर 124 रन तक पहुंचा दिया।

इस रोमांचक जीत के साथ गौर गोरखपुर लायंस ने बारिश से प्रभावित मुकाबले में कानपुर सुपरस्टार्स को तीन विकेट से शिकस्त दी। कानपुर की ओर से आदर्श सिंह का नाबाद शतक शानदार रहा, लेकिन उनकी शतकीय पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी।

WhatsApp Image 2026 08 26 at 8.13.32 PM

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *