यूपी चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन के नए अध्यक्ष बने अनूप जैन, 51 जिलों तक बढ़ा संगठन का दायरा

IMG 20261115 WA0467
Spread the love

कानपुर में एजीएम के दौरान नई कार्यकारिणी का गठन, चार नए जिले एसोसिएशन से जुड़े

कानपुर, 15 नवंबर। उत्तर प्रदेश चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन की वार्षिक आम सभा (एजीएम) में कानपुर के अनूप जैन को एसोसिएशन का नया अध्यक्ष चुना गया। वहीं लखनऊ के एके रायजादा को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। नई कार्यकारिणी में लखनऊ के राजेश कुमार साही, वाराणसी के दीपक बजाज और कानपुर देहात के अरविंद सिंह को उपाध्यक्ष चुना गया है।

कानपुर स्थित केडीएमए वर्ल्ड स्कूल में आयोजित एजीएम में प्रदेश के 35 जिलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान गाजियाबाद के सुरेंद्र कुमार और कानपुर के अभिषेक तिवारी को कार्यकारिणी का नया सदस्य बनाया गया। कोषाध्यक्ष विनय आनंद, चारों सहायक सचिव और अन्य सदस्यों को उनके पूर्व पदों पर पुनः चुना गया।

एजीएम में ऑल इंडिया चेस फेडरेशन के पूर्व अध्यक्ष एवं फिडे जोन 3.7 के अध्यक्ष डॉ. संजय कपूर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि कानपुर देहात, अंबेडकर नगर, फर्रुखाबाद और औरैया सहित चार नए जिलों को एसोसिएशन से जोड़ा गया है। इसके साथ ही प्रदेश में एसोसिएशन से जुड़े जिलों की संख्या बढ़कर 51 हो गई है।

वाराणसी में होगी 30 लाख की इनामी राष्ट्रीय चैंपियनशिप

डॉ. संजय कपूर ने बताया कि 29 नवंबर से 9 दिसंबर तक वाराणसी में ऑल इंडिया ओपन नेशनल चेस चैंपियनशिप आयोजित होगी। इसमें कुल 30 लाख रुपये की इनामी राशि रखी गई है। इसके अलावा अगले वर्ष जून-जुलाई में कानपुर में प्रदेश की पहली ग्रैंडमास्टर चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी।

पांच जोन में संचालित होगा चेस इन स्कूल कार्यक्रम

नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनूप जैन ने प्रदेश में शतरंज को जमीनी स्तर पर बढ़ावा देने के लिए चेस इन स्कूल कार्यक्रम को प्रभावी बनाने पर जोर दिया। इसके लिए प्रदेश को पांच जोन में बांटा गया है और सहायक सचिव अतुल कुमार निगम को कार्यक्रम का कन्वीनियर नियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष ग्रामीण स्कूलों में तीन हजार से अधिक शतरंज बोर्ड वितरित किए गए थे। वहीं कानपुर के ग्रैंडमास्टर दिनेश शर्मा ने शिक्षकों को शतरंज का प्रशिक्षण देने में सहयोग की सहमति जताई।

कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष विनय आनंद, कानपुर चेस एसोसिएशन के सचिव दिलीप श्रीवास्तव, संजय तिवारी, दिनेश कटियार और सुशील वाधवानी सहित एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *