कल्पनाथ राय इंस्टीट्यूट में गरिमामय समारोह के बीच नए मेडिकल विद्यार्थियों ने चिकित्सा जगत में रखा पहला कदम, अतिथियों ने बढ़ाया उत्साह
मऊ- डॉक्टर बनने का सपना लेकर मेडिकल कॉलेज की दहलीज पर पहुंचे नौजवानों के लिए गुरुवार का दिन जिंदगी भर याद रखने वाला बन गया। कल्पनाथ राय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड हॉस्पिटल में एमबीबीएस के नए विद्यार्थियों के सम्मान में व्हाइट कोट सेरेमनी का भव्य आयोजन हुआ। जैसे ही छात्र-छात्राओं के कंधों पर सफेद कोट सजा, उनके चेहरों पर खुशी और आंखों में सुनहरे भविष्य के सपने चमक उठे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डीआईजी आजमगढ़ सुनील कुमार सिंह और विशिष्ट अतिथि महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, ग़ाज़ीपुर के डीन प्रो. डॉ. आनंद मिश्रा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। संस्थान के निदेशक डॉ. मनीष राय ने कहा कि सफेद कोट महज कपड़ा नहीं, बल्कि भरोसे, जिम्मेदारी, सेवा और इंसानियत की पहचान है। डॉक्टर की असली पहचान उसकी डिग्री से नहीं, बल्कि मरीज के दर्द को समझने और उसे अपनापन देने से होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, ईमानदारी और सेवाभाव के साथ आगे बढ़ने की सीख दी। डीआईजी सुनील कुमार सिंह ने कहा कि मेडिकल की पढ़ाई में हर दिन नया सीखने का मौका है। मेहनत और लगन से ही मंजिल मिलती है। वहीं प्रो. डॉ. आनंद मिश्रा ने विद्यार्थियों को बेहतर डॉक्टर के साथ संवेदनशील इंसान बनने का संदेश दिया। स्वागत संबोधन क्रीम्स के डीन प्रो. डॉ. धरमा राय एंगले ने किया। समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय व अखिलेश राय सहित विभिन्न विभागों के चिकित्सक, विभागाध्यक्ष और कर्मचारी मौजूद रहे। यह आयोजन नए विद्यार्थियों के लिए केवल सफेद कोट पहनने का समारोह नहीं, बल्कि मानव सेवा की राह पर पहला कदम है।




