दीपावली पर सुरक्षा को लेकर यूपी-112 अलर्ट, डीजी बिनोद कुमार सिंह ने दिए सख्त निर्देश

28 08 2022 dial 112 23020241
Spread the love

प्रदेश के सभी जिलों के नोडल अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, संवेदनशील इलाकों में पीआरवी की तैनाती और शत-प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश

लखनऊ। दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए यूपी-112 मुख्यालय ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में 4 नवंबर को पुलिस महानिदेशक यूपी-112 बिनोद कुमार सिंह ने प्रदेश के सभी जनपदों के यूपी-112 नोडल अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों की समीक्षा की।

बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पिछले वर्षों की घटनाओं और हालिया गतिविधियों का विश्लेषण कर संवेदनशील स्थानों एवं हॉटस्पॉट की पहचान की जाए। ऐसे इलाकों में यूपी-112 की पीआरवी (PRV) गाड़ियों की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही संशोधित रूट चार्ट 5 नवंबर 2026 तक मुख्यालय को भेजने के निर्देश दिए गए।

डीजी यूपी-112 ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान जनशक्ति की कमी या तकनीकी खराबी के कारण कोई भी पीआरवी वाहन गैर-संचालित स्थिति में नहीं रहना चाहिए। सभी वाहनों को आपातकालीन सेवाओं के लिए पूरी तरह तैयार रखने पर जोर दिया गया।

इसके अलावा आरओआईपी (ROIP) पर तैनात पुलिसकर्मियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने, इवेंट मॉनिटरिंग प्रभावी बनाने और पीआरवी कर्मियों की नियमित ब्रीफिंग एवं चेकिंग के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को 16 अक्टूबर 2026 को जारी संशोधित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का कड़ाई से पालन कराने को भी कहा गया।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान डीजी बिनोद कुमार सिंह ने जनपदीय नोडल अधिकारियों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि दीपावली के दौरान प्रदेशवासियों को त्वरित, निर्बाध और प्रभावी आपातकालीन पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *