दीपावली पर यूपी-112 की सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा, पीआरवी की शत-प्रतिशत उपलब्धता के निर्देश

IMG 20261104 WA0375
Spread the love

डीजी यूपी-112 ने सभी जिलों के नोडल अधिकारियों के साथ की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा

लखनऊ। दीपावली पर्व के दौरान प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के लिए यूपी-112 ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को पुलिस महानिदेशक यूपी-112 बिनोद कुमार सिंह ने प्रदेश के सभी जनपदों के यूपी-112 नोडल अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों की समीक्षा की।

बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पिछले वर्षों की घटनाओं और त्योहारों के दौरान सामने आई परिस्थितियों का विश्लेषण कर संवेदनशील स्थानों और संभावित हॉटस्पॉट की पहचान की जाए। इन स्थानों पर पीआरवी वाहनों की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने के साथ संवेदनशील मार्गों के लिए नया रूट चार्ट तैयार करने को कहा गया। संशोधित रूट चार्ट 5 नवंबर तक यूपी-112 मुख्यालय को भेजना अनिवार्य किया गया है।

डीजी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि दीपावली के दौरान कोई भी पीआरवी वाहन संसाधनों, पुलिसकर्मियों की कमी अथवा तकनीकी खराबी के कारण बंद नहीं रहना चाहिए। सभी जनपदों में पीआरवी की शत-प्रतिशत परिचालन उपलब्धता सुनिश्चित करने और वाहनों की नियमित जांच कराने पर जोर दिया गया, ताकि जरूरत पड़ने पर पुलिस सहायता बिना किसी देरी के पहुंच सके।

IMG 20261104 WA0376

इसके साथ ही संचार व्यवस्था को मजबूत बनाने और आपातकालीन घटनाओं की निगरानी प्रभावी रखने के निर्देश दिए गए। आरओआईपी पर तैनात कर्मियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति, पीआरवी कर्मियों की नियमित ब्रीफिंग और उनकी ड्यूटी की चेकिंग सुनिश्चित करने को कहा गया। अधिकारियों को 16 अक्टूबर 2026 को जारी संशोधित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का भी सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान डीजी यूपी-112 ने विभिन्न जनपदों के नोडल अधिकारियों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान प्रदेशवासियों को सुरक्षित वातावरण और निर्बाध आपातकालीन पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी सतर्कता, समन्वय और तत्परता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *