गांव-गांव दस्तक देगा स्वास्थ्य अमला, सफाई से बीमारी भगाने का दिया संदेश जिला अस्पताल से निकली जागरूकता रैली, डीएम ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

WhatsApp Image 2026 10 02 at 7.43.14 AM 1
Spread the love

मऊ- गुरुवार। जिला अस्पताल परिसर में उस समय रौनक नजर आई, जब संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शुरुआत जागरूकता रैली के साथ हुई। जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। अस्पताल से निकली रैली कलेक्ट्रेट पहुंची और लोगों को साफ-सफाई व मच्छरों से बचाव का संदेश देती रही। डीएम ने कहा कि गांव हो या शहर, बीमारी से बचने का सबसे सीधा रास्ता साफ-सफाई है। घर के आसपास पानी जमा न होने दें और मच्छरों को पनपने का मौका न दें। उन्होंने कहा कि बुखार समेत संचारी रोगों के लक्षण दिखाई दें तो लापरवाही न करें और समय रहते इलाज कराएं। एक अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान में डेंगू, मलेरिया, फाइलेरिया, कालाजार और दिमागी बुखार जैसी बीमारियों को लेकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। वहीं 12 से 31 अक्टूबर तक आशा और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां गांव-गांव और घर-घर दस्तक देंगी। कार्यकत्रियां लोगों को बीमारी के लक्षण और बचाव के तरीके बताएंगी। रोग के लक्षण वाले लोगों और कुपोषित बच्चों को चिन्हित कर उनका विवरण ई-कवच पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा। इस मौके पर सीएमएस धनंजय, एसीएमओ डॉ. संजय गुप्ता, सीडीओ विवेक कुमार श्रीवास्तव समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *