लखनऊ, 26 अगस्त 2026। UPT20 लीग सीजन-4 के लखनऊ चरण का बुधवार को भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में सफल समापन हुआ। 14 अगस्त से शुरू हुए इस चरण में उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों और ग्रामीण क्षेत्रों से आए युवा खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। अब लीग का अगला और निर्णायक पड़ाव कानपुर होगा, जहां 28 अगस्त से 6 सितंबर तक ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम में प्लेऑफ और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।
लखनऊ चरण के अंतिम लीग मुकाबले के दौरान एक भावुक क्षण भी देखने को मिला। UPT20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर मीडिया बॉक्स पहुंचे और वहां मौजूद खेल पत्रकारों व मीडियाकर्मियों से मुलाकात कर उनका आभार जताया। उन्होंने पत्रकारों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर लीग की कवरेज और युवा खिलाड़ियों को मंच देने में मीडिया की भूमिका की सराहना की।

मीडिया को दिया सफलता का श्रेय
डॉ. संजय कपूर ने कहा कि मीडिया के सहयोग के बिना UPT20 लीग को इतने बड़े स्तर पर पहचान दिलाना संभव नहीं था। उन्होंने कहा कि पत्रकारों ने उत्तर प्रदेश के दूरदराज इलाकों से आने वाले खिलाड़ियों के प्रदर्शन को प्रमुखता से प्रकाशित और प्रसारित किया, जिससे इन खिलाड़ियों को नई पहचान मिली।
उन्होंने कहा कि खेल पत्रकारिता सिर्फ मैच के परिणाम और आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह खिलाड़ियों के संघर्ष, मेहनत और उपलब्धियों को समाज तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले खिलाड़ियों को जब मीडिया में जगह मिलती है, तो उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और दूसरे युवा भी खेल के प्रति प्रेरित होते हैं।
युवा खिलाड़ियों की उपलब्धि बनी सबसे बड़ी खुशी
पहले चरण के समापन पर डॉ. संजय कपूर ने कहा कि लीग की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि साधारण और सीमित संसाधनों वाले परिवारों से आने वाले खिलाड़ियों को बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। शुभम गौतम, कृष्णा सरोज, शक्ति वर्मा और हिमांशु जैसे युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों ने इकाना जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के मैदान पर अपनी पहचान बनाई है।
उन्होंने कहा कि UPT20 लीग का उद्देश्य सिर्फ प्रतिस्पर्धी क्रिकेट कराना नहीं, बल्कि प्रदेश के उन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे लाना भी है, जिन्हें उचित अवसर और सुविधाएं नहीं मिल पातीं। इन खिलाड़ियों का बड़े मंच पर प्रदर्शन लीग की मूल भावना को सफल साबित करता है।

अब कानपुर में खिताब की जंग
लखनऊ चरण के समापन के बाद अब UPT20 लीग का रोमांच कानपुर पहुंचने जा रहा है। 28 अगस्त से ग्रीन पार्क स्टेडियम में दूसरे चरण की शुरुआत होगी। यहां प्लेऑफ मुकाबलों के साथ कुल 12 मैच खेले जाएंगे और 6 सितंबर को ग्रैंड फिनाले में सीजन-4 के चैंपियन का फैसला होगा।
लखनऊ में युवा खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के बाद अब क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें कानपुर पर टिक गई हैं। प्लेऑफ में पहुंचने वाली टीमें खिताब की दौड़ में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं। ऐसे में ग्रीन पार्क में होने वाले मुकाबलों में रोमांच और दबाव दोनों चरम पर रहने की उम्मीद है।





