लखनऊ, 23 अगस्त 2026। मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत थाना पीजीआई पुलिस द्वारा ईश्वरी खेड़ा, कालिंदी पार्क, वृंदावन क्षेत्र में ‘बहु-बेटी सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं और बेटियों को उनकी सुरक्षा, अधिकारों तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।
पुलिस टीम ने महिलाओं को घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, शारीरिक एवं मानसिक प्रताड़ना जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाने के लिए जागरूक किया। साथ ही बहुओं को आत्महत्या की रोकथाम और मानसिक उत्पीड़न से जुड़े मामलों में समय रहते मदद लेने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबर 1090, 112, 181, 1076 और 102 की जानकारी दी गई। महिलाओं को महिला सशक्तिकरण, महिला सुरक्षा केंद्र और महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली के बारे में भी बताया गया।
इसके अलावा पुलिस टीम ने साइबर अपराध से बचाव को लेकर भी जागरूक किया। महिलाओं और बेटियों को यूपी कॉप एप के उपयोग तथा साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में एंटी रोमियो प्रभारी उपनिरीक्षक कमलेश कुमार, मिशन शक्ति प्रभारी महिला उपनिरीक्षक पायल पाण्डेय, महिला उपनिरीक्षक शशिकला सिंह तथा थाना पीजीआई की समस्त महिला बीट कर्मचारी मौजूद रहीं। पुलिस टीम ने महिलाओं को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने और किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।





