विशाल-वासु का कहर, आर्यन की आंधी से गोरखपुर ने काशी को रौंदा

WhatsApp Image 2026 08 22 at 7.30.01 PM 40kb
Spread the love

लखनऊ, 22 अगस्त 2026। गौर गोरखपुर लायंस ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 में शानदार प्रदर्शन करते हुए काशी रुद्रास को आठ विकेट से करारी शिकस्त दी। विशाल निषाद और वासु वत्स की घातक गेंदबाजी के बाद आर्यन चौधरी और कप्तान आर्यन जुयाल की शानदार बल्लेबाजी ने गोरखपुर को आसान जीत दिलाई।

भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में काशी रुद्रास ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में नौ विकेट पर 138 रन बनाए। जवाब में गोरखपुर ने महज 14.4 ओवर में दो विकेट खोकर 139 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया।

यह गोरखपुर की सीजन में दूसरी जीत है, जबकि लगातार चार मुकाबले जीतने के बाद काशी रुद्रास को पहली हार का सामना करना पड़ा। शानदार गेंदबाजी के लिए विशाल निषाद को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

घंटा बजाकर हुई मैच की शुरुआत

मुकाबले की औपचारिक शुरुआत उत्तर प्रदेश सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण एवं पंचायती राज मंत्री ओपी राजभर ने पारंपरिक घंटा बजाने की रस्म के साथ की। उन्होंने कहा कि यूपी टी-20 लीग प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन मंच उपलब्ध करा रही है।

यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने भी लीग के जरिए प्रदेश की क्रिकेट प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई। इस दौरान अंपायरिंग एवं स्कोरिंग कमेटी के चेयरमैन मनोज पुंडीर और पूर्व भारतीय क्रिकेटर पीयूष चावला भी मौजूद रहे।

विशाल निषाद ने काशी के बल्लेबाजी क्रम की कमर तोड़ी

टॉस जीतकर गोरखपुर के कप्तान आर्यन जुयाल ने काशी को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। काशी की शुरुआत धीमी रही और चौथे ओवर में अभिषेक गोस्वामी 11 रन बनाकर वासु वत्स का शिकार हो गए।

साहब युवराज सिंह ने एक छोर संभाले रखा और 34 गेंदों पर पांच चौकों व एक छक्के की मदद से 43 रन बनाए। लेकिन इसके बाद विशाल निषाद ने अपनी फिरकी का जादू दिखाया और काशी के मध्यक्रम को तहस-नहस कर दिया।

विशाल ने कप्तान करन शर्मा (17), साहब युवराज सिंह (43), शुभम चौबे (4) और विजय यादव (1) को अपना शिकार बनाया। दूसरी ओर वासु वत्स ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए उपेन्द्र यादव (20), सिद्धार्थ जैन (6) और कार्तिक यादव को आउट किया। तीरथ सिंह ने भी एक विकेट हासिल किया।

आखिरी ओवरों में अर्नव बलियान ने 16 गेंदों पर एक चौके और दो छक्कों की मदद से नाबाद 27 रन बनाकर काशी को 138 रन तक पहुंचाया।

गोरखपुर की ओर से विशाल निषाद ने चार ओवर में 19 रन देकर चार विकेट लिए, जबकि वासु वत्स ने तीन ओवर में 14 रन देकर चार विकेट चटकाए।

आर्यन चौधरी ने छक्कों से सजाई जीत

139 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोरखपुर की शुरुआत तेज रही। अभय प्रताप सिंह ने सिर्फ 11 गेंदों पर दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 24 रन बनाए। तीसरे ओवर में विजय यादव ने उन्हें आउट कर काशी को पहली सफलता दिलाई।

इसके बाद आर्यन चौधरी और कप्तान आर्यन जुयाल ने मोर्चा संभाल लिया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 97 रन की शानदार साझेदारी कर मुकाबले को पूरी तरह गोरखपुर के पक्ष में कर दिया।

आर्यन चौधरी ने आक्रामक अंदाज में 44 गेंदों पर तीन चौकों और सात छक्कों की मदद से नाबाद 68 रन बनाए। कप्तान आर्यन जुयाल ने 32 गेंदों पर दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 43 रन की उपयोगी पारी खेली।

गोरखपुर जीत से सिर्फ एक रन दूर था, तभी 15वें ओवर में सुनील कुमार की गेंद पर आर्यन जुयाल कैच आउट हो गए। इसके बाद सिद्धार्थ यादव ने अगली ही गेंद पर एक रन लेकर गोरखपुर को आठ विकेट से जीत दिला दी।

करन शर्मा ने भी बनाया खास रिकॉर्ड

इस मुकाबले में काशी रुद्रास के कप्तान करन शर्मा ने भी लीग में एक खास उपलब्धि हासिल की। 17 रन की पारी के साथ उनके यूपी टी-20 लीग में 1500 रन पूरे हो गए। वह लीग में यह आंकड़ा छूने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं।

करन शर्मा ने 40 मैचों में 12 अर्धशतक और दो शतक की मदद से 1505 रन बनाए हैं। उनसे आगे कानपुर सुपरस्टार्स के कप्तान समीर रिजवी हैं, जिन्होंने एक दिन पहले 37 मैचों में 1563 रन पूरे किए थे। रिजवी के नाम 11 अर्धशतक और दो शतक हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *