यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS
लखनऊ, 23 अगस्त 2026। अजीत वर्मा के हरफनमौला प्रदर्शन और अभिनंदन सिंह की धारदार गेंदबाजी के दम पर लखनऊ फाल्कन्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के मुकाबले में नोएडा किंग्स को डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (डीएलएस) पद्धति से 12 रन से शिकस्त दी। अजीत ने गेंद से दो विकेट लेने के बाद 59 रन की अहम पारी खेली, जबकि अभिनंदन सिंह ने चार विकेट झटककर लखनऊ की जीत की नींव रखी।
भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए दिन के पहले मुकाबले की औपचारिक शुरुआत मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने पारंपरिक घंटा बजाकर की। इस दौरान उन्होंने कहा कि यूपी टी-20 लीग प्रदेश में क्रिकेट को मजबूत मंच देने के साथ युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने का अवसर प्रदान कर रही है। लीग की बढ़ती लोकप्रियता प्रदेश में क्रिकेट के प्रति दर्शकों के बढ़ते उत्साह को दर्शाती है।

यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि लीग का मकसद केवल प्रतिस्पर्धी क्रिकेट कराना नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश में क्रिकेट के पूरे इकोसिस्टम को मजबूत बनाना भी है।
टॉस जीतकर लखनऊ फाल्कन्स के कप्तान भुवनेश्वर कुमार ने नोएडा किंग्स को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया। भुवनेश्वर ने खुद गेंदबाजी की शुरुआत की और मेडन ओवर डालकर विपक्षी टीम पर शुरुआती दबाव बनाया। इसके बाद अभिनंदन सिंह ने नोएडा के मध्यक्रम को झकझोर दिया। हालांकि सलामी बल्लेबाज शोएब सिद्दीकी ने 39 गेंदों पर 48 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन लखनऊ के गेंदबाजों ने लगातार विकेट निकालकर नोएडा को बैकफुट पर धकेल दिया।

अभिनंदन सिंह ने 32 रन देकर चार महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। इस प्रदर्शन के साथ वह लीग में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए और पांच मैचों में उनके विकेटों की संख्या 13 पहुंच गई। इसके साथ ही उन्होंने पर्पल कैप भी अपने नाम कर ली। अजीत वर्मा ने भी दो विकेट लेकर उनका शानदार साथ दिया।
एक समय नोएडा किंग्स का स्कोर आठ विकेट पर 127 रन था और टीम मुश्किल में नजर आ रही थी। ऐसे समय में बाएं हाथ के बल्लेबाज प्रशांत वीर ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 30 गेंदों पर चार चौकों और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 59 रन ठोक दिए। उनकी तूफानी पारी के दम पर नोएडा किंग्स ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 156 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

157 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ फाल्कन्स की शुरुआत बेहद खराब रही। नमन तिवारी ने नई गेंद से शानदार गेंदबाजी करते हुए मोहम्मद सैफ और हिमांशु सिंह को पवेलियन भेज दिया। इसके बाद प्रियम गर्ग के रन आउट होने से लखनऊ का स्कोर 32 रन पर तीन विकेट हो गया।
मुश्किल स्थिति में अजीत वर्मा ने जिम्मेदारी संभाली और विप्रज निगम के साथ मिलकर 61 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। गेंद से प्रभावी प्रदर्शन के बाद अजीत ने बल्ले से भी दम दिखाया और 43 गेंदों पर चार चौकों तथा तीन छक्कों की मदद से 59 रन बनाए। उनकी पारी ने लखनऊ को लक्ष्य के करीब पहुंचा दिया।

लखनऊ फाल्कन्स को जीत के लिए अंतिम 15 गेंदों में महज 13 रन की जरूरत थी, तभी तेज बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा। मौसम साफ नहीं होने के चलते मुकाबला दोबारा शुरू नहीं हो सका। इसके बाद डीएलएस पद्धति के आधार पर लखनऊ फाल्कन्स को 12 रन से विजेता घोषित किया गया।
इस जीत के साथ लखनऊ फाल्कन्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 में अपनी दूसरी जीत दर्ज की। वहीं अजीत वर्मा और अभिनंदन सिंह का शानदार प्रदर्शन मुकाबले में लखनऊ की जीत का सबसे बड़ा आधार रहा।





