42 स्वर्ण पदकों के साथ उत्तर प्रदेश ने जीती ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी

WhatsApp Image 2026 08 23 at 10.28.52 PM 40kb
Spread the love

तृतीय डब्लूएमएसकेएफ ऑल इंडिया कराटे चैंपियनशिप-2026

लखनऊ, 23 अगस्त 2026। मेजबान उत्तर प्रदेश के कराटे खिलाड़ियों ने तृतीय डब्लूएमएसकेएफ ऑल इंडिया कराटे चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 42 स्वर्ण पदकों के साथ ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम कर ली। उत्तर प्रदेश ने प्रतियोगिता में कुल 87 पदक जीतकर पदक तालिका में पहला स्थान हासिल किया।

लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम स्थित भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देश्यीय हॉल में आयोजित इस प्रतियोगिता का आयोजन वर्ल्ड मॉडर्न शोतोकान कराटे फेडरेशन, इंडिया के तत्वावधान में वर्ल्ड मॉडर्न शोतोकान कराटे फेडरेशन, उत्तर प्रदेश ने किया।

मेजबान उत्तर प्रदेश ने 42 स्वर्ण, 18 रजत और 27 कांस्य सहित कुल 87 पदक जीते। झारखंड की टीम 15 स्वर्ण, 12 रजत और 8 कांस्य सहित 42 पदकों के साथ दूसरे स्थान पर रही, जबकि गोवा ने 9 स्वर्ण, 8 रजत और 6 कांस्य सहित कुल 23 पदक जीतकर तीसरा स्थान हासिल किया।

चैंपियनशिप के समापन और पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की तथा पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया। विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य रितु शाही और डॉ. अखिलेश सिंह भी मौजूद रहे।

समारोह की अध्यक्षता वर्ल्ड मॉडर्न शोतोकान कराटे फेडरेशन इंडिया के अध्यक्ष जसपाल सिंह ने की। अंत में वर्ल्ड मॉडर्न शोतोकान कराटे फेडरेशन, उत्तर प्रदेश के सचिव संतोष कुमार ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और आयोजकों का आभार व्यक्त किया।

समापन समारोह में एशियाई कराटे फेडरेशन के जज दिलीप सैनी, विनीत यादव, प्रलोय चतुर्वेदी, ऋत्विक बोरा, कृष्णा अवतार, अशोक कुमार पाल और आकाश सोनकर भी मौजूद रहे।

चैंपियनशिप के अंतिम दिन भी उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों का दबदबा कायम रहा। पुरुष सीनियर कुमिते अंडर-50 किग्रा वर्ग में सूरज कुमार ने स्वर्ण पदक जीता। सब-जूनियर बालक कुमिते 11 वर्ष, अंडर-40 किग्रा वर्ग में पार्थ मल्होत्रा और सब-जूनियर बालिका कुमिते 8 वर्ष, अंडर-30 किग्रा वर्ग में रुपसी सिंह ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। सब-जूनियर बालक 10 वर्ष काता वर्ग में रियांश सक्सेना ने भी स्वर्ण पदक हासिल किया।

रजत पदक जीतने वालों में अविराज चौधरी, कृष्णा सलूजा, नव्या नंदिका, ऐशानी सिंह और अद्रुत सिंह शामिल रहे, जबकि सब-जूनियर बालिका कुमिते 11 वर्ष, अंडर-45 किग्रा वर्ग में अन्वेषा श्रीवास्तव ने कांस्य पदक जीता।

कैडेट बालक कुमिते अंडर-63 किग्रा वर्ग में उत्तर प्रदेश के अल्तमश खान ने स्वर्ण पदक हासिल किया। आर्यन सिंह ने रजत, जबकि कनिष्क प्रियदर्शी और पंजाब के आदित्य ने कांस्य पदक जीता।

इसके अलावा उत्तर प्रदेश के जयभारत, प्रणव, किशन वर्मा, ईशान शुक्ला, अफियान खान, सुजीत कुमार, अविराज शर्मा, करिश्मा यादव, वृंदा यादव, लक्ष्मी यादव और अलीशा सिंह ने भी विभिन्न वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।

प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों के इस शानदार प्रदर्शन ने राज्य में कराटे की मजबूत होती प्रतिभा और खेल संस्कृति को एक बार फिर उजागर किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *