यूपी टी-20 लीग सीजन-4 : गत चैंपियन की लगातार तीसरी जीत, आखिरी ओवर में दो रन आउट ने बदला मैच का रुख
लखनऊ, 20 अगस्त 2026। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के रोमांचक मुकाबले में गत चैंपियन काशी रुद्रास ने कानपुर सुपरस्टार्स को सात रन से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। काशी की जीत के नायक रहे साहब युवराज सिंह, जिन्होंने दबाव के बीच 56 गेंदों पर 91 रन की शानदार पारी खेली। उनकी इस मैच जिताऊ पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
कानपुर सुपरस्टार्स ने टॉस जीतकर काशी रुद्रास को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया। काशी की शुरुआत बेहद खराब रही और महज 37 रन के स्कोर पर टीम के तीन प्रमुख बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। अभिषेक गोस्वामी ने 7, कप्तान करन शर्मा ने 8 और उपेंद्र यादव ने 8 रन बनाए। संकट की इस घड़ी में साहब युवराज सिंह ने मोर्चा संभाला और पारी को आक्रामक अंदाज में आगे बढ़ाया।

साहब युवराज ने 56 गेंदों में 91 रन बनाए, जिसमें सात चौके और पांच छक्के शामिल रहे। उन्होंने शुभम चौबे के साथ पांचवें विकेट के लिए 64 रन की अहम साझेदारी कर टीम को शुरुआती झटकों से उबारा। शुभम ने 24 गेंदों पर 18 रन बनाए। इसके बाद अंतिम ओवरों में अर्नव बालियान ने महज 12 गेंदों में 29 रन की नाबाद विस्फोटक पारी खेली। उनके बल्ले से एक चौका और तीन छक्के निकले। इस साझेदारी और तेज फिनिश की बदौलत काशी रुद्रास ने 20 ओवर में छह विकेट पर 167 रन बनाए। कानपुर की ओर से अजय कुमार ने दो विकेट लिए।
167 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कानपुर की शुरुआत तेज रही। प्रियांशु पांडेय ने केवल नौ गेंदों में 19 रन बनाकर टीम को अच्छी शुरुआत दी। उनके आउट होने के बाद आदर्श सिंह और अभिषेक पांडेय ने पारी संभाली और दूसरे विकेट के लिए 49 रन जोड़े। दोनों के जल्दी-जल्दी आउट होते ही कानपुर की पारी लड़खड़ा गई। मोहम्मद अमान और कप्तान समीर रिजवी भी सस्ते में पवेलियन लौट गए।
एक समय 73 रन पर एक विकेट के मजबूत स्कोर वाली कानपुर की टीम 12वें ओवर के अंत तक 90 रन पर पांच विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद कर्ण शर्मा और सत्यम सांगू ने पारी को संभालने की कोशिश की। अंतिम चार ओवरों में कानपुर को 45 रन की जरूरत थी। दबाव के बावजूद सत्यम ने आक्रामक बल्लेबाजी की और 22 गेंदों पर 40 रन बनाकर मुकाबले में रोमांच बनाए रखा।

काशी के गेंदबाज सुनील कुमार ने पहले कर्ण शर्मा और फिर सत्यम सांगू का महत्वपूर्ण विकेट हासिल कर कानपुर की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया। अंतिम दो ओवर में कानपुर को 19 रन चाहिए थे, जबकि आखिरी ओवर में जीत के लिए 14 रन बाकी थे।
फिर आखिरी ओवर में अटल बिहारी राय ने दिखाया कमाल। उन्होंने पहली ही गेंद पर रन आउट कर कानपुर को झटका दिया और ओवर की चौथी गेंद पर एक और रन आउट कर मैच पूरी तरह काशी के पक्ष में कर दिया। कानपुर सुपरस्टार्स की पूरी टीम 19.4 ओवर में 160 रन पर सिमट गई और काशी रुद्रास ने सात रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
समारोह में क्रिकेट को बढ़ावा देने पर जोर
मैच की औपचारिक शुरुआत हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति रंगनाथ पाण्डेय ने पारंपरिक रूप से घंटा बजाकर की। उन्होंने कहा कि यूपी टी-20 लीग युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने का बड़ा मंच दे रही है और ऐसे आयोजन प्रदेश में क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि लीग के मुकाबलों में बढ़ता रोमांच खिलाड़ियों की प्रतिस्पर्धी क्षमता को दिखाता है। खिलाड़ियों को बेहतर मंच और सुविधाएं उपलब्ध कराना लीग का लगातार प्रयास है।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम, यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह, फतेहपुर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सैफुद्दीन, सुल्तानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव असद अहमद, वाराणसी जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव जमाल अहमद सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
नतीजा: काशी रुद्रास — 7 रन से विजेता
काशी रुद्रास: 167/6 (20 ओवर)
कानपुर सुपरस्टार्स: 160 ऑलआउट (19.4 ओवर)
प्लेयर ऑफ द मैच: साहब युवराज सिंह — 91 रन




