लखनऊ। रेलवे टिकटों की कालाबाज़ारी और अवैध टिकट कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने ऐशबाग रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित टिकट दलाल को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के मार्गदर्शन, सहायक सुरक्षा आयुक्त के निर्देशन तथा पोस्ट कमांडर रेसुब पोस्ट ऐशबाग जंक्शन देवेन्द्र प्रताप के पर्यवेक्षण में की गई।
31 मई 2026 को ऐशबाग रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-6 की ओर स्थित आरक्षण टिकट काउंटर पर टिकट दलालों की निगरानी के दौरान उपनिरीक्षक ज्योति, सहायक उपनिरीक्षक राकेश धर दुबे, कांस्टेबल विशाल बलौदा एवं महिला कांस्टेबल भाग्यलक्ष्मी की टीम को एक संदिग्ध युवक हाथ में तत्काल आरक्षित टिकट लिए घूमता दिखाई दिया। टीम ने उसे रोककर पूछताछ की, जिसमें उसने स्वीकार किया कि वह निजी IRCTC यूजर आईडी और आरक्षण काउंटर के माध्यम से टिकट बुक कर जरूरतमंद यात्रियों को अधिक कीमत पर बेचता था। आरोपी ने बताया कि वह स्लीपर श्रेणी के टिकटों पर प्रति यात्री 500 रुपये तथा एसी श्रेणी के टिकटों पर 1000 रुपये तक अतिरिक्त राशि वसूलता था।
जांच के दौरान आरोपी के पास मौजूद रेडमी मोबाइल फोन की तलाशी ली गई, जिसमें कई ई-टिकट और बुकिंग रिकॉर्ड मिले। मोबाइल में “Mirzaayan2005” तथा “Arshita786” नामक निजी IRCTC यूजर आईडी के माध्यम से बुक किए गए टिकट पाए गए। जांच में एक काउंटर टिकट और तीन ई-टिकट ऐसे मिले जिनकी यात्रा शेष थी, जिनकी कुल कीमत 13,498.95 रुपये थी। इसके अलावा दो काउंटर टिकट और आठ ई-टिकट ऐसे मिले जिनकी यात्रा पूरी हो चुकी थी और उनकी कुल कीमत 22,246.50 रुपये थी। इस प्रकार बरामद कुल 14 टिकटों की कीमत लगभग 35,745 रुपये पाई गई।
रेलवे सुरक्षा बल के अनुसार आरोपी किसी भी प्रकार का अधिकृत IRCTC एजेंट नहीं था, फिर भी वह निजी यूजर आईडी का उपयोग कर व्यावसायिक रूप से टिकटों की बुकिंग और बिक्री कर रहा था। बरामद टिकटों में तत्काल और सामान्य कोटे के टिकट शामिल हैं, जो विभिन्न प्रमुख रेल मार्गों और ट्रेनों के लिए जारी किए गए थे।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद अयान बेग (21 वर्ष) पुत्र नुरुल्लाह बेग, निवासी 34/A पुराना तोपखाना, बालागंज, थाना ठाकुरगंज, जनपद लखनऊ के रूप में हुई है। उसे सुबह 10:35 बजे गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत क्राइम नंबर 617/26 दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत रेलवे आरक्षण काउंटरों और आधिकारिक IRCTC पोर्टल के माध्यम से ही टिकट खरीदें तथा किसी भी दलाल या अनधिकृत व्यक्ति से टिकट न लें। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि टिकटों की कालाबाज़ारी रोकने के लिए आगे भी इसी प्रकार के विशेष अभियान लगातार चलाए जाते रहेंगे।
Discover more from Star News 24 Live
Subscribe to get the latest posts sent to your email.