मऊ- नगर पालिका कम्युनिटी हॉल में गुरुवार को ‘हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा महोत्सव की धूम रही। भव्य तिरंगा म्यूजिकल कंसर्ट में बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों से ऐसा रंग जमाया कि पूरा माहौल देशभक्ति के रंग में रंग गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय ने दीप जलाकर किया। गांव-देहात के स्कूलों से पहुंचे नन्हे कलाकारों ने खूब तालियां बटोरीं। प्राथमिक विद्यालय कोपागंज की छात्राओं ने स्वागत गीत और आजादी के वीरों को समर्पित देशभक्ति गीत सुनाए। उच्च प्राथमिक विद्यालय दौलसेपुर की छात्राओं ने योग प्रदर्शन से लोगों को मंत्रमुग्ध किया। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय कोपागंज की छात्राओं ने देशभक्ति गीतों से जोश भर दिया। कलाकार सौरभ ने अलग-अलग लोगों और मशहूर आवाजों की नकल कर लोगों का खूब मनोरंजन किया। उनकी प्रस्तुति पर हॉल तालियों से गूंज उठा।जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय ने कहा कि देश और प्रदेश के कोने-कोने में ‘हर घर तिरंगा’ महोत्सव के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। तिरंगा केवल देश की आन, बान और शान का प्रतीक ही नहीं, बल्कि यह हमारे वीर स्वतंत्रता सेनानियों और देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर जवानों के त्याग एवं बलिदान की याद भी दिलाता है। उन्होंने लोगों से अपने घरों पर सम्मान के साथ तिरंगा फहराने और अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। कार्यक्रम में जिला कृषि अधिकारी सोम प्रकाश गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी रंजीत कुमार, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
तिरंगे के रंग में रंगा नगर पालिका हॉल, देशभक्ति गीतों से गूंजा माहौल, हर घर तिरंगा अभियान में बच्चों ने जमाया रंग,







