लखनऊ, 22 मई 2026। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मण्डल में सुरक्षित एवं संरक्षित रेल संचालन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आयोजित दो दिवसीय संरक्षा ऑडिट निरीक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस निरीक्षण का नेतृत्व पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी श्री नीरज गुप्ता ने किया। उनके निर्देशन में मुख्यालय गोरखपुर से आई उच्चस्तरीय संरक्षा टीम ने मण्डल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल की उपस्थिति में लखनऊ मण्डल के विभिन्न संरक्षा व्यवस्थाओं, ट्रैक अनुरक्षण प्रणालियों, तकनीकी उपकरणों तथा परिचालन व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान लखनऊ जंक्शन से बुढ़वल जंक्शन रेलखंड तक व्यापक संरक्षा परीक्षण एवं तकनीकी समीक्षा की गई।
निरीक्षण कार्यक्रम की शुरुआत लखनऊ मण्डल कार्यालय सभागार में आयोजित संरक्षा समीक्षा बैठक से हुई। बैठक में वरिष्ठ मण्डल संरक्षा अधिकारी डॉ. शिल्पी कनौजिया ने पावर पॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से मण्डल में संचालित संरक्षा कार्यों, अनुरक्षण प्रक्रियाओं, संरक्षा मानकों, निरीक्षण व्यवस्थाओं तथा लाइन स्टाफ की काउंसिलिंग प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मण्डल स्तर पर कर्मचारियों में संरक्षा जागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित किया जा रहा है। प्रस्तुति के दौरान संरक्षा से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं, ट्रैक मॉनिटरिंग, सिग्नलिंग व्यवस्था तथा कर्मचारियों की सतर्कता संबंधी कार्यक्रमों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए मण्डल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल ने कहा कि रेलवे बोर्ड द्वारा निर्धारित संरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन लखनऊ मण्डल की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि निरीक्षण टीम द्वारा दिए गए सुझावों एवं दिशा-निर्देशों को गंभीरता से लागू किया जाएगा तथा यात्रियों की सुरक्षा और निर्बाध रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि तकनीकी उन्नयन, नियमित निरीक्षण तथा कर्मचारियों के प्रशिक्षण के माध्यम से संरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा रहा है।
अपने संबोधन में प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी श्री नीरज गुप्ता ने कहा कि सुरक्षित रेल संचालन रेलवे की मूल प्रतिबद्धता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे संरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें, निरंतर सतर्कता बनाए रखें तथा नियमित निरीक्षण एवं काउंसिलिंग के माध्यम से दुर्घटनारहित संचालन सुनिश्चित करें। उन्होंने निरीक्षण के दौरान उत्कृष्ट कार्यकुशलता, सजगता एवं संरक्षा सतर्कता प्रदर्शित करने वाले कर्मचारियों की सराहना करते हुए स्टेशन अधीक्षक सिधौली, लखनऊ जंक्शन स्थित रनिंग रूम (अवध), एकीकृत क्रू लॉबी, टीएसएस ऐशबाग स्थित दुर्घटना सहायता यान तथा दुर्घटना चिकित्सा सहायता यान के कर्मचारियों को विशेष नगद पुरस्कार प्रदान किए जाने की घोषणा की।
निरीक्षण के दौरान प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी ने संरक्षा टीम के साथ गोमतीनगर कोचिंग डिपो की पिट लाइन में खड़ी वंदे भारत ट्रेन का गहन तकनीकी निरीक्षण भी किया। इस दौरान ट्रेन के कोचों की ब्रेक प्रणाली, पहियों की स्थिति, कपलिंग व्यवस्था, सस्पेंशन सिस्टम तथा अन्य महत्वपूर्ण उपकरणों की सूक्ष्म जांच की गई। अधिकारियों ने कोच अनुरक्षण कार्यों की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों एवं संरक्षा प्रक्रियाओं का मूल्यांकन किया। साथ ही वहां कार्यरत कर्मचारियों की दक्षता, सतर्कता तथा कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए उन्हें संरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए। निरीक्षण टीम ने कर्मचारियों की काउंसिलिंग कर उन्हें संरक्षा के प्रति और अधिक सजग रहने के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद संरक्षा टीम बुढ़वल जंक्शन स्टेशन यार्ड पहुंची, जहां रेलवे ट्रैक संरचना एवं अनुरक्षण कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया गया। टीम ने ‘ग्लूड इंसुलेटेड रेल जॉइंट’ का परीक्षण कर उसकी तकनीकी स्थिति का अवलोकन किया। इसके अतिरिक्त यार्ड में कार्यरत यूनिमेट, डीटीई तथा यूटीवी ट्रैक मशीनों की संरक्षा मानकों के अनुरूप गहन जांच की गई। अधिकारियों ने मशीनों की कार्यप्रणाली, रखरखाव व्यवस्था तथा संचालन प्रक्रियाओं का परीक्षण करते हुए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान ट्रैक मशीन स्टाफ हेतु उपलब्ध ‘कम्पेनियन कोच’ का भी अवलोकन किया गया तथा कर्मचारियों की सुविधाओं एवं कार्य परिस्थितियों की समीक्षा की गई।
इस अवसर पर संरक्षा टीम के साथ मुख्य यात्री परिवहन प्रबंधक श्री आशीष भाटिया, मुख्य विद्युत वितरण इंजीनियर श्री सुरेश कुमार, मुख्य संचार इंजीनियर श्री विराट गुप्ता, अपर मण्डल रेल प्रबंधक (परिचालन) श्रीमती नीतू, वरिष्ठ मण्डल परिचालन प्रबंधक/सा० श्री जे.एन. गुप्ता, वरिष्ठ मण्डल इंजीनियर/तृतीय श्री मनोज कुमार सिंह, मण्डल विद्युत इंजीनियर/टीआरडी श्री अंकुश मीना, मण्डल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर श्री आमिर खान, सहायक इंजीनियर/लाइन श्री जी.बी. सिंह सहित विभिन्न विभागों के संरक्षा सलाहकार, पर्यवेक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। दो दिवसीय इस संरक्षा ऑडिट निरीक्षण को लखनऊ मण्डल में रेल संरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।







