मऊ- कलेक्ट्रेट सभागार में हुई सीएमआईएस पोर्टल आधारित निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने विकास कार्यों की धीमी गति पर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य समय सीमा में पूरे हों और गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। बैठक में सामने आया कि जिले में 16 संस्थाओं द्वारा 738 परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इनमें 337 कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि 411 परियोजनाएं अभी निर्माणाधीन हैं। नौ परियोजनाएं तय समय के बाद भी लंबित मिलने पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को तेजी से कार्रवाई के निर्देश दिए। धनाभाव से प्रभावित परियोजनाओं के लिए बजट उपलब्ध कराने और समय सीमा पार कर चुके कार्यों के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया। हर घर जल योजना समेत अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट तलब की गई।यूपी सिडको की लंबित परियोजनाओं में देरी पर स्पष्टीकरण मांगा गया, जबकि सीएंडडीएस को लंबित कार्य 31 जुलाई तक पूरे करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार संस्थाओं और अधिकारियों पर कार्रवाई तय है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार, जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव सहित समस्त कार्यदायी संस्थाओं के अधिशासी अभियंता एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
सीएमआईएस पोर्टल पर 738 परियोजनाओं की समीक्षा, समय से पीछे चल रहे कार्यों को जल्द पूरा कराने के निर्देश



