मऊ- सड़क सुरक्षा सिर्फ नियम नहीं, बल्कि जिंदगी बचाने की जिम्मेदारी है। इसी संदेश के साथ यातायात पुलिस ने सनबीन स्कूल में छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया। निरीक्षक यातायात श्याम शंकर पाण्डेय ने बच्चों को सड़क पर सुरक्षित आवागमन, यातायात संकेतों और दुर्घटनाओं से बचने के उपायों की जानकारी दी। इस दौरान राहवीर योजना के बारे में भी बताया गया। बच्चों को समझाया गया कि यातायात नियमों का पालन केवल स्वयं की सुरक्षा के लिए नहीं, बल्कि सड़क पर चलने वाले हर व्यक्ति की जिंदगी से जुड़ा है। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा की शपथ ली और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। यातायात पुलिस ने लोगों से नियमों का पालन कर सुरक्षित यातायात व्यवस्था में सहयोग देने की अपील की।





