मऊ- तमसा वाटिका मैरेज हाल में सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी की प्रदेश स्तरीय बैठक में सियासी गर्मी देखने को मिली। राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र राजभर ने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि कार्यकर्ता किसी भी पार्टी की असली रीढ़ होते हैं। उन्होंने राजभर समाज के नाम पर राजनीति करने वाले नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि भर-राजभर को एससी/एसटी में शामिल कराने के नाम पर समाज को वर्षों से गुमराह किया जा रहा है। ऐसे लोगों से समाज को सावधान रहना होगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि गठबंधन की सरकार बनने पर महाराजा सुहेलदेव राजभर की भव्य प्रतिमा गोमती रिवर फ्रंट पर स्थापित कराई जाएगी। भर-राजभर को एससी/एसटी में शामिल कराने का प्रयास होगा, महिलाओं को सालाना 50 हजार रुपये प्रोत्साहन और घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक बिजली मुफ्त देने की योजना लागू की जाएगी। बैठक में महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, पेपर लीक और महिला सुरक्षा को लेकर प्रदेश सरकार को घेरा गया। साथ ही 2027 विधानसभा और आगामी पंचायत चुनावों के लिए संगठन को गांव-गांव मजबूत करने का आह्वान किया गया।





