मऊ- शहर के डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्टेडियम में तीन दिन तक चले हॉकी के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने खूब दमखम दिखाया। वाराणसी जोन की 74वीं अन्तरजनपदीय जोनल पुलिस हॉकी प्रतियोगिता का रंगारंग समापन हुआ। मैदान में उतरी पुलिस टीमों ने जीत के लिए पूरा जोर लगाया और खेल प्रेमियों का खूब मनोरंजन किया। पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में मऊ और भदोही की टीम आमने-सामने थीं। मऊ के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा और शानदार खेल दिखाते हुए भदोही को 4-0 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। वहीं महिला वर्ग में वाराणसी की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मऊ को 2-0 से शिकस्त दी। समापन समारोह में आजमगढ़ परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल जवानों में अनुशासन, हौसला और एकजुट होकर काम करने की भावना पैदा करते हैं। कार्यक्रम में जिलाधिकारी आनन्द वर्धन, पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
जोनल हॉकी में मऊ की बादशाहत, वाराणसी की महिला टीम ने भी लहराया परचम






