मऊ- बेरोजगारी के दौर में जब युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं, ऐसे समय में जनपद के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सहादतपुरा ने सैकड़ों युवाओं के लिए उम्मीद की नई किरण जगाई। आयोजित इस रोजगार मेले में 518 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 220 युवाओं का चयन प्रतिष्ठित कंपनी मारुति सुजुकी मोटर्स (विजन इंडिया), अहमदाबाद द्वारा किया गया। रोजगार मेले का शुभारंभ वरिष्ठ भाजपा नेत्री ज्योति सिंह ने किया। चयन प्रक्रिया कंपनी के एचआर सुमीत जाला के नेतृत्व में संपन्न हुई। सफल अभ्यर्थियों के चेहरों पर नौकरी मिलने की खुशी साफ झलक रही थी। संस्थान के प्रधानाचार्य अरुण यादव ने बताया कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप प्रत्येक माह रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है, ताकि प्रशिक्षित युवाओं को सीधे उद्योगों से जोड़कर उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकें। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देना ही नहीं, बल्कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना भी है। रोजगार प्रभारी योगेंद्र यादव ने बताया कि “सपने आपके, प्रयास हमारा; रोजगार से जोड़ने का संकल्प हमारा” केवल एक नारा नहीं, बल्कि संस्थान की कार्यशैली का आधार है। इसी सोच के साथ प्रत्येक माह रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे संस्थान से संपर्क कर इन अवसरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। इस अवसर पर राजीव सिंह, कुंदन सिंह, पुनीत सिंह, कुलदीप चौधरी, अमित सिंह, अभिषेक शर्मा, गोपाल दुबे, रमेश यादव, सतेंद्र सिंह, प्रह्लाद यादव, आर्यंत यादव, श्रीप्रकाश वर्मा, शिवकुमार गौतम, राजकुमार विकास, सरिता, सायमा सहित संस्थान के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Discover more from Star News 24 Live
Subscribe to get the latest posts sent to your email.




