मऊ में बनेगा प्रदेश का पांचवां आधुनिक नागरिक सुविधा केंद्र, मंत्री ए.के. शर्मा ने किया भूमिपूजन, एक छत के नीचे मिलेंगी 18 से ज्यादा सेवाएं

WhatsApp Image 2026 08 17 at 2.30.17 AM
Spread the love

मऊ- रविवार। शहर के लोगों को अब नगर पालिका के कामों के लिए बार-बार दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत मिलने की उम्मीद है। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने नगर पालिका परिषद मऊ में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक नागरिक सुविधा केंद्र का भूमिपूजन किया। मंत्री ने कहा कि केंद्र करीब डेढ़ साल में तैयार होगा। यहां जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, हाउस टैक्स, वाटर टैक्स समेत नगर पालिका की 18 से अधिक सेवाएं एक ही छत के नीचे मिलेंगी। प्रथम तल पर करीब 18 काउंटर बनाए जाएंगे। कोशिश रहेगी कि लोगों के काम एक ही दिन में निपट जाएं और उन्हें बार-बार दौड़ना न पड़े। मऊ में बनने वाला यह प्रदेश का पांचवां आधुनिक नागरिक सुविधा केंद्र होगा। इससे पहले अयोध्या, गाजियाबाद, गोरखपुर और लखनऊ में ऐसे केंद्र बनाए जा चुके हैं। मंत्री ने कहा कि सरकार का जोर सरकारी सेवाओं को आसान, पारदर्शी और डिजिटल बनाने पर है। केंद्र में सिर्फ सरकारी कामकाज ही नहीं होगा। नीचे के तल पर जनसुविधा केंद्र, लाइब्रेरी, खान-पान और योग की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। यानी शहर के लोगों को एक ही जगह कई तरह की सुविधाएं मिल सकेंगी। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन मॉडल से प्रेरणा लेकर जनता की सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है। कार्यक्रम में पूर्व विधायक विजय राजभर, उमेश चन्द्र पांडेय, पूर्व जिला अध्यक्ष नूपुर अग्रवाल समेत नगर पालिका के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। इस दौरान अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि भी अर्पित की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *