समीर रिजवी का तूफानी प्रहार, 39 गेंदों में नाबाद 91 रन से कानपुर सुपरस्टार्स की शानदार जीत

WhatsApp Image 2026 08 30 at 12.55.35 AM 40kb
Spread the love

नोएडा किंग्स को आठ विकेट से दी शिकस्त, ग्रीन पार्क में रिजवी ने खेली मैच जिताऊ पारी

कानपुर, 29 अगस्त 2026। इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में मैदान पर उतरे समीर रिजवी की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर कानपुर सुपरस्टार्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS के कानपुर चरण के तीसरे तथा लीग के 25वें मुकाबले में नोएडा किंग्स को आठ विकेट से करारी शिकस्त दी। बारिश और गीली आउटफील्ड के कारण मुकाबला 12-12 ओवर का किया गया था। नोएडा किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 128 रन बनाए, जिसके जवाब में कानपुर सुपरस्टार्स ने 10.4 ओवर में दो विकेट खोकर 130 रन बनाते हुए शानदार जीत दर्ज की।

WhatsApp Image 2026 08 30 at 12.55.24 AM

ग्रीन पार्क स्टेडियम में मुकाबले की औपचारिक शुरुआत उत्तर प्रदेश सरकार के खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान और कानपुर के आर्यनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अमिताभ बाजपेयी ने टॉस कराकर की। इसके बाद पारंपरिक रूप से घंटा बजाने की रस्म भी निभाई गई। इस अवसर पर यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला, मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम, मीडिया संयोजक अहमद अली खान तालिब, यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह, सोनभद्र क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव अजीज अहमद सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी नोएडा किंग्स ने कम ओवरों के मुकाबले को देखते हुए आक्रामक शुरुआत की। शोएब सिद्दीकी और माधव कौशिक ने शुरुआती ओवरों में तेजी से रन जुटाए। शोएब ने 10 गेंदों पर दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 20 रन बनाए, लेकिन तीसरे ओवर में अजय कुमार की गेंद पर विकेट के पीछे अभिषेक पाण्डेय को कैच दे बैठे। इसके बाद रवि सिंह भी बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए।

WhatsApp Image 2026 08 30 at 12.55.33 AM 1

माधव कौशिक ने 11 गेंदों पर एक चौके और चार छक्कों की मदद से 31 रन की तेज पारी खेली। हालांकि नोएडा के विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे। कप्तान प्रशांत वीर ने एक छोर संभाले रखा और 27 गेंदों पर नाबाद 50 रन बनाए। उनकी पारी में तीन चौके और पांच छक्के शामिल रहे। कप्तान की इस आक्रामक पारी की बदौलत नोएडा किंग्स ने 12 ओवर में छह विकेट पर 128 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

कानपुर सुपरस्टार्स की शुरुआत लक्ष्य का पीछा करते हुए खराब रही। सलामी बल्लेबाज आदर्श सिंह दूसरी ही गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद चौथे ओवर की तीसरी गेंद पर प्रियांशु पाण्डेय भी छह रन बनाकर प्रशांत वीर का शिकार बने। दो विकेट जल्दी गिरने के बाद कानपुर पर दबाव बढ़ता दिखाई दे रहा था, लेकिन इसके बाद समीर रिजवी ने मैच का रुख ही बदल दिया।

WhatsApp Image 2026 08 30 at 12.55.32 AM 1

इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में बल्लेबाजी करने आए समीर रिजवी ने आते ही नोएडा के गेंदबाजों पर हमला बोल दिया। उन्होंने महज 39 गेंदों में 11 चौकों और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 91 रन की विस्फोटक पारी खेली। रिजवी ने मैदान के चारों ओर शानदार शॉट लगाए और अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से घरेलू दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

दूसरे छोर पर अभिषेक पाण्डेय ने भी उनका शानदार साथ दिया। अभिषेक ने 17 गेंदों पर एक चौके और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 31 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए केवल 43 गेंदों में 93 रन की अजेय साझेदारी कर कानपुर सुपरस्टार्स की जीत सुनिश्चित कर दी।

कानपुर सुपरस्टार्स ने 10.4 ओवर में दो विकेट पर 130 रन बनाकर आठ विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। समीर रिजवी की 91 रन की नाबाद विस्फोटक पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। रिजवी की पारी ने न केवल कानपुर को शानदार जीत दिलाई, बल्कि दबाव में आक्रामक और सकारात्मक क्रिकेट खेलने की उनकी क्षमता का भी शानदार प्रदर्शन किया।

गेंदबाजी में कानपुर की ओर से यशोवर्धन सिंह ने तीन ओवर में महज 10 रन देकर तीन विकेट चटकाए, जबकि अजय कुमार को दो विकेट मिले। नोएडा किंग्स के लिए कप्तान प्रशांत वीर की अर्धशतकीय पारी के बावजूद टीम कानपुर के सामने अपने स्कोर का बचाव नहीं कर सकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *