मऊ- स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने एक बार फिर सख्ती दिखाई है। शनिवार को “मिशन सेफ फ्यूचर-2.0” अभियान के तहत खुरहट, मुहम्मदाबाद गोहना और कोइरियापार क्षेत्र में विद्यालयों तथा मार्गों पर संचालित स्कूली वाहनों की संयुक्त जांच की गई। कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 10 वाहनों का चालान किया गया। अभियान के दौरान विद्यालय प्रबंधकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि स्कूली वाहन चालकों का चरित्र सत्यापन अनिवार्य रूप से कराया जाए। साथ ही निजी वाहनों से बच्चों को विद्यालय लाने-ले जाने पर पूरी तरह रोक लगाने को कहा गया। विभाग ने चेतावनी दी कि ऐसे वाहनों से किसी प्रकार की दुर्घटना होने पर विद्यालय प्रबंधक, प्रधानाचार्य और वाहन स्वामी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। फिटनेस और परमिट समाप्त होने के बावजूद वाहन संचालित करने वाले विद्यालयों पर भी विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। ऐसे विद्यालयों की मान्यता निरस्त करने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक तथा संबंधित बोर्ड को पत्र भेजे जा चुके हैं। नियमों की अनदेखी जारी रहने पर प्रबंधकों के खिलाफ एफआईआर की कार्रवाई की जाएगी। जांच टीम में एआरटीओ सुहेल अहमद, प्रवर्तन पर्यवेक्षक तथा प्रवर्तन सिपाही दुर्गविजय यादव और अनूप कुमार शामिल रहे।





