मऊ- राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम, मऊ में 14 साल तक के बालकों की जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता कराई गई। प्रतियोगिता में जिले की कुल आठ टीमों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने मैदान में खूब दमखम दिखाया और मुकाबले काफी रोमांचक रहे। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला स्पोर्ट्स स्टेडियम मऊ ए और स्पोर्ट्स स्टेडियम मऊ बी की टीम के बीच हुआ। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरा जोर लगाया। आखिर में मऊ ए की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए मऊ बी को 2-1 से हरा दिया और प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया। प्रतियोगिता का उद्घाटन भाजपा जिला महामंत्री राजेन्द्र राय शर्मा ने किया। जिला क्रीड़ाधिकारी डी.पी. सिंह ने उनका स्वागत किया। वहीं पुरस्कार वितरण समारोह में भाजपा जिला मंत्री राकेश तिवारी मुख्य अतिथि रहे। पूर्व भाजपा प्रत्याशी विजय प्रताप सिंह भी मौजूद रहे। इस दौरान हॉकी संघ के जिलाध्यक्ष उमेंद्र सिंह, सचिव संजय सिंह, एथलेटिक्स संघ के सचिव पी.एन. सिंह, खेल कार्यालय के प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।





