‘बॉर्डर 2’ का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज, सनी देओल की दहाड़ ने बढ़ाया जोश

IMG 20260117 003949 800x445 1
Spread the love

मुंबई। साल 2026 की सबसे चर्चित फिल्मों में शुमार ‘बॉर्डर 2’ का ट्रेलर आज रिलीज कर दिया गया। सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी स्टारर इस वॉर ड्रामा को लेकर दर्शकों में पहले से ही जबरदस्त उत्साह है। रिलीज से ठीक एक सप्ताह पहले मेकर्स ने 3 मिनट 35 सेकंड का रोमांचक ट्रेलर जारी किया, जिसने सोशल मीडिया पर धूम मचा दी है।

फिल्म की कहानी 1971 के भारत-पाक युद्ध की सच्ची घटनाओं से प्रेरित है, जब भारतीय थल सेना, नौसेना और वायु सेना ने एकजुट होकर दुश्मन को करारा जवाब दिया था। ट्रेलर की शुरुआत में सनी देओल के सामने पाकिस्तानी सेना की तोपें तनी दिखाई देती हैं, लेकिन उनकी आंखों में डर नहीं, बल्कि जोश और जज्बा नजर आता है। इसके बाद उनकी दमदार आवाज में संवाद गूंजता है—
“फौजी के लिए बॉर्डर नक्शे पर खींची हुई लकीर नहीं, बल्कि देश से किया वादा है… कि जहां वो खड़ा है, उसके आगे कोई नहीं जाएगा। न दुश्मन, न उसकी गोली और न उसका इरादा।”

ट्रेलर में सनी देओल का रौबदार अंदाज़ और सैनिकों को प्रेरित करने वाला तेवर काफी हद तक उनकी क्लासिक फिल्म ‘बॉर्डर’ की याद दिलाता है। इसके बाद वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी धमाकेदार एंट्री करते हैं। वरुण थल सेना के अफसर, दिलजीत वायु सेना के पायलट और अहान नौसेना अधिकारी की भूमिका में नजर आते हैं।

हालांकि तीनों सेनाओं के जज्बे और मिशन को ट्रेलर में प्रभावी रूप से दिखाया गया है, लेकिन फोकस मुख्य रूप से सनी देओल के किरदार पर ही रहता है। वरुण और दिलजीत को भी कुछ दमदार संवाद मिले हैं, जबकि अहान शेट्टी के हिस्से संवाद तुलनात्मक रूप से कम दिखते हैं।

युद्ध के रोमांच और एक्शन के साथ-साथ ट्रेलर में भावनाओं को भी अहम स्थान दिया गया है। सैनिकों के परिवारों की पीड़ा, उनके इंतज़ार और उनकी भावनाओं को संवेदनशील रूप से दिखाया गया है। फिल्म की फीमेल कास्ट—सोनम बाजवा, मोना सिंह और मेधा राणा की भी झलक ट्रेलर में देखने को मिलती है, जबकि आन्या सिंह नज़र नहीं आतीं।

अनुराग सिंह द्वारा निर्देशित और जेपी दत्ता द्वारा प्रोड्यूस की गई ‘बॉर्डर 2’ को 23 जनवरी को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। यह वर्ष 2026 की पहली मेगा रिलीज मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *