22 नवंबर से दस्तक देगा पल्स पोलियो अभियान, सीडीओ ने अधिकारियों को दिया शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने का मंत्र
मऊ-‘जहां चाह, वहां राह’ और जब संकल्प बच्चों के सुरक्षित भविष्य का हो, तो हर प्रयास की अहमियत बढ़ जाती है। इसी संकल्प के साथ जनपद में पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने की कवायद तेज हो गई है। आगामी 22 नवंबर से शुरू होने वाले अभियान में कोई भी नौनिहाल पोलियो की खुराक से वंचित न रहे, इसके लिए मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाडिया की अध्यक्षता में अंतरविभागीय बैठक आयोजित कर तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि अभियान की सफलता केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी विभागों की सामूहिक जवाबदेही है। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय, सक्रिय सहभागिता और पूरी गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उनका जोर इस बात पर रहा कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत पात्र बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाए और कोई भी बच्चा अभियान की पहुंच से बाहर न रहे।उन्होंने सभी संबंधित विभागों से मिलकर काम करने का आह्वान करते हुए बच्चों के स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया। बैठक में स्वास्थ्य विभाग से समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के अधीक्षक, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, एसीएमओ आरसीएच/नोडल शहरी स्वास्थ्य मिशन, जेएसआई के जिला समन्वयक, समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस), जिला विद्यालय निरीक्षक, समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, समस्त अधिशासी अधिकारी नगर निकाय, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जिला पंचायती राज अधिकारी तथा जिला पूर्ति अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




