1996 के विकास मॉडल को याद कर बोले सांसद— अब मऊ को चाहिए शिक्षित, समर्पित और सकारात्मक नेतृत्व।
रिर्पोट : ✒️ प्रमोद कुमार तिवारी
मऊ- कहते हैं, “जहां चाह होती है, वहां राह निकल ही आती है।” मऊ की सियासत में बदलाव और विकास की नई राह तलाशने का संदेश उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब भाजपा सांसद एवं वरिष्ठ नेता मनोज तिवारी ने अपने मऊ प्रवास के दौरान भाजपा नेता और सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता शक्ति सिंह के कार्यालय एवं आवास पर पहुंचकर उनसे आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान मऊ की ऐतिहासिक पहचान, बुनकरों की बदहाली, युवाओं के रोजगार, व्यापारियों की समस्याओं और क्षेत्र के विकास को लेकर गंभीर चर्चा हुई। रात्रिभोज के दौरान भी दोनों नेताओं के बीच स्थानीय मुद्दों पर विचार-विमर्श जारी रहा। मीडिया से बातचीत में मनोज तिवारी ने 1996 के दौर को याद करते हुए पूर्व सांसद स्व. कल्पनाथ राय के विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कभी मऊ की चमचमाती सड़कें, फ्लाईओवर और रोशनी पूरे प्रदेश में विकास की मिसाल हुआ करते थे, लेकिन बाद के वर्षों में इसकी पहचान अपराध और मुकदमों की राजनीति से जुड़ गई। अब इस तस्वीर को बदलने की जरूरत है। शक्ति सिंह की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि मऊ को भय और नकारात्मक राजनीति से बाहर निकालकर बुनकरी, खेल, संस्कृति और विकास की राह पर ले जाने के लिए शिक्षित, समर्पित और ऊर्जावान नेतृत्व चाहिए। शक्ति सिंह ने राष्ट्रीय स्तर पर मऊ और पूर्वांचल का गौरव बढ़ाया है। उनके हाथों में मऊ सदर का भविष्य सुरक्षित है। उन्होंने विश्वास जताया कि अब नकारात्मक शक्तियों की हार और सकारात्मक सोच की जीत होगी। वहीं शक्ति सिंह ने आभार जताते हुए कहा कि मऊ उनका परिवार है और यहां के स्वाभिमान, सम्मान तथा विकास के लिए उनका संघर्ष निरंतर जारी रहेगा। सियासी संदेश साफ है— “बदलाव की बयार जब चलती है तो जमी हुई धूल भी हटती है।” अब निगाहें मऊ के भविष्य पर टिकी हैं।




