मऊ- जनगणना के द्वितीय चरण को समयबद्ध और त्रुटिरहित ढंग से पूरा कराने की तैयारियों ने अब रफ्तार पकड़ ली है। इसी क्रम में जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने सोमवार को फील्ड ट्रेनर्स के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी की निगरानी में आयोजित इस प्रशिक्षण में जनपद के 82 फील्ड ट्रेनर्स को तीन चरणों में प्रशिक्षित किया जाएगा। पहले चरण में 5 से 7 अक्टूबर तक 28, दूसरे चरण में 8 से 10 अक्टूबर तक 27 तथा तीसरे चरण में 12 से 14 अक्टूबर तक 27 फील्ड ट्रेनर्स प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। प्रशिक्षण के लिए जनगणना निदेशालय, लखनऊ से प्रशिक्षित दो मास्टर ट्रेनर्स उपलब्ध कराए गए हैं, जो सभी प्रतिभागियों को जनगणना से जुड़े जरूरी पहलुओं की जानकारी देंगे।
प्रशिक्षण पूरा करने के बाद यही फील्ड ट्रेनर्स तहसील स्तर पर सुपरवाइजर एवं प्रगणकों को प्रशिक्षित करेंगे। इससे जनगणना के द्वितीय चरण का कार्य निर्धारित समयसीमा में व्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने में मदद मिलेगी। उद्घाटन अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशिक्षण को महज औपचारिकता न मानें, बल्कि पूरी गंभीरता और मनोयोग से प्रत्येक बिंदु को समझें। किसी भी प्रकार की शंका होने पर तत्काल मास्टर ट्रेनर्स से जानकारी प्राप्त करें। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से समय की महत्ता को देखते हुए पूरी तत्परता के साथ कार्य करने और जनगणना को सफल बनाने में अपना योगदान देने का आह्वान किया।





